भारतीय हॉकी टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी मंदीप सिंह के दो गोल की बदौलत भारत ने भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले गए ओलिंपिक क्वालीफायर्स के पहले लेग के मुक़ाबले में रूस की टीम को 4-2 से हरा दिया.भारत की ओर से पहला गोल पेनाल्टी स्ट्रोक के ज़रिए आया जिसे हरमनप्रीत सिंह ने 5वें मिनट में किया. हालांकि दूसरे क्वार्टर की शुरूआत में ही रूस की टीम ने गोल कर स्कोरलाइन को बराबरी पर ला दिया. लेकिन खेल के 24वें मिनट मनदीप सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया.भारतीय टीम ने मैच का तीसरा और चौथा गोल खेल के 48वें और 53वें मिनट में किया जिसे अंजाम दिया एसवी सुनील और मंदीप सिंह ने. रूस ने अंतिम समय में पेनाल्टी कॉर्नर के ज़रिए अपना दूसरा गोल किया.