केंद्रीय मंत्री द्वारा पंजाब के मसले प्राथमिकता के आधार पर विचारने का भरोसा
पंजाब के वित्त मंत्री श्री मनप्रीत सिंह बादल ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मुलाकात करके राज्य के केंद्र की तरफ लम्बित जी.एस.टी. के बकाए का जल्द भुगतान करने की माँग की। श्री बादल ने बताया कि पंजाब का बनता हिस्सा जारी करना बहुत ज़रूरी है क्योंकि इसमें देरी होने से राज्य के रोज़मर्रा के कामकाज पर असर पड़ रहा है।केंद्रीय वित्त मंत्री ने मनप्रीत सिंह बादल को उपरोक्त मुद्दों पर प्राथिमकता से विचार करने का भरोसा दिया।पंजाब के वित्त मंत्री ने केंद्र सरकार के पास लम्बित पंजाब के मसले विशेष तौर पर लंबे समय के लिए लीज़ पर ज़मीन देने के लिए सर्विस टैक्स से छूट देने का मामला भी उठाया। उन्होंने हाल ही में तैयार की पंजाब की नयी औद्योगिक नीति के कई पहलू भी केंद्रीय मंत्री के साथ साझे किये। मनप्रीत बादल ने कहा,‘‘राज्य में औद्योगिकीकरण की तत्काल ज़रूरत है। इसलिए नयी औद्योगिक नीति को जल्द अमल में लाने के लिए केंद्र के सहयोग और मदद की ज़रूरत है।’’