चण्डीगढ़ – विजीलैंस ब्यूरो पंजाब ने आज सहकारी सभा फिऱोज़पुर में तैनात ऑडिट इंस्पेक्टर हरभिन्दर सिंह को 6 हज़ार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया।इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त ऑडिट इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता सुखदेव सिंह, सेलज़मैन, प्राथमिक कृषि सहकारी सभा गाँव महंतां वाला, जि़ला फिऱोज़पुर की शिकायत पर रंगे हाथों काबू किया गया है। शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो को अपनी शिकायत में बताया कि वह सहकारी सभा महंतां वाला में बतौर सेलज़मैन तैनात है और उक्त ऑडिट इंस्पेक्टर द्वारा सोसायटी की ऑडिट रिपोर्ट में उसकी कारगुज़ारी सम्बन्धी रिपोर्ट अच्छी लिखने के बदले 10,000 रुपए की माँग की गई परन्तु सौदा 6,000 रुपए में तय हुआ है।विजीलैंस द्वारा पड़ताल के उपरांत उक्त ऑडिट इंस्पेक्टर को दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में 6 हज़ार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दोषी के खि़लाफ़ विजीलैंस ब्यूरो के थाना फिऱोज़पुर में मुकदमा दर्ज करके आगामी कार्यवाही आरंभ कर दी गई है।