लोकतंत्र के महापर्व के दूसरे चरण में 12 राज्यों की 95 सीटों पर जोरदार मतदान, 64 प्रतिशत से ज्यादा वोटरों ने डाले वोट, पश्चिम बंगाल और मणिपुर में सर्वाधिक मतदान, छिटपुट हिंसा को छोडकर आमतौर पर शांति पूर्ण रहा मतदान.लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को जोरदार मतदान हुआ। 12 राज्यों की 95 सीटों पर शाम सात बजे तक मतदान 64 प्रतिशत के स्तर को पार कर गया। इनमें सबसे अधिक मतदान पश्चिम बंगाल और मणिपुर में हुआ है। सुबह से ही तमाम मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी लंबी कतारें लगी रही। क्या महिला क्या पुरुष क्या युवा क्या बुजुर्ग, हर कोई इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाह रहा था और इसी वजह से जमकर मतदान हुआ। लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सेदारी के लिए आम जन का उत्साह दिन भर हिलोरे मारता रहा।देश की 543 में से 95 सीटों पर गुरुवार सुबह से मतदान शुरु हुआ। कुछ संवेदनशील जगहों को छोडकर बाकी जगहों पर मतदान शाम छह बजे खत्म हुआ ।हालांकि कई जगहों पर मतदाताओं की लंबी कतारों के चलते निर्धारित समय के बाद भी वोटिंग जारी रही। गुरुवार को जिन 95 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ वो 11 राज्यों और 1 केंद्रशासित प्रदेशों में फैली हैं । इस चरण में कुल 15 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने 1596 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया । चुनाव के लिए बनाए गए मतदान बूथों पर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की पूरी तैयारी की गयी थी । लाखों कर्मचारियों के साथ ही केन्द्रीय और राज्य के सुरक्षाकर्मियों को मतदान की प्रक्रिया में लगाया गया था ।सबसे पहले बात तमिलनाडु की करें तो राज्य में गुरुवार को लोकसभा की 39 में से 38 सीटों के लिए मतदान हुआ । राज्य में मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा। पुडुचेरी में भी एक सीट पर मतदान संपन्न हो गया है। दूसरे चरण में महाराष्ट्र की 10 और कर्नाटक की 14 सीटों पर भी मतदान हुआ । कर्नाटक की 14 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें दिखी। बात यूपी की करें तो राज्य में पश्चिमी यूपी की आठ सीटों पर गुरुवार सुबह से मतदान हुआ । इस चरण में करीब एक करोड 40 लाख से ज्यादा मतदाता थे जिन्होंने 87 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया।वहीं बिहार की किशनगंज, कटिहार, पूर्णियां, भागलपुर और बांका लोकसभा सीट के लिये दूसरे चरण में मतदान संपन्न हो गया। इस चरण में मतदाताओं में काफी उत्साह दिखा। ओडिशा में भी लोकसभा की पांच सीटों के लिए मतदान हुआ । चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की पूरी तैयारी की थी । गुरुवार को ही ओडिशा विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए भी वोट डाले गए । इस चरण में राज्य विधानसभा की 35 सीटों के लिए मतदान हुआ।वहीं पश्चिम बंगाल की 3 सीटों पर मतदान हुआ। गुरुवार को मतदान के दौरान कई जगहों पर हिंसा हुई । रायगंज में सीपीएम उम्मीदवार मोहम्मद सलीम की कार पर भी हमला हुआ। इसी लोकसभा के चोपडा क्षेत्र में भी हिंसा की खबरे हैं । दार्जलिंग लोकसभा क्षेत्र के सिलिगुडी में मतदान शांतिपूर्ण रहा ।छत्तीसगढ में दूसरे चरण में कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ, वहीं जम्मू कश्मीर की दो सीटों श्रीनगर औऱ ऊधमपुर सीटों के लिए भी मतदान पूरा हो गया । आयोग की ओर से स्वतंत्र निष्पक्ष एवं भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे.बात अगर पूर्वोत्तर भारत की करें तो यहां भी असम की पांच और मणिपुर की एक सीट पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। यहां हर वर्ग के मतदाताओं में जोरदार उत्साह दिखा। कुल मिलाकर 12 राज्यों में की 95 सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। पहले और दूसरे चरण की वोटिंग के उत्साह के बाद अब सबकी नजरें बाकी चरणों पर होंगी कि क्या ऐसा ही उत्साह बाकी चरणों में भी दिखेगा।