खेल

ICC world cup 2019 में पंत की एंट्री पर लग सकता है ब्रेक, इन दो खिलाड़ियों का भी कट सकता है पत्ता

नई दिल्ली – भारतीय चयनकर्ता मोहाली वनडे में रिषभ पंत के प्रदर्शन से इस कदर नाखुश हैं कि उन्होंने विश्व कप टीम में भेजे जाने वाले दूसरे विकेटकीपर के तौर पर अन्य नामों पर विचार करना शुरू कर दिया है। यही नहीं, मध्य क्रम के बल्लेबाज केएल राहुल और अंबाती रायुडू के प्रदर्शन से भी सीनियर चयनकर्ता नाराज हैं। हालांकि, ऑलराउंडर विजय शंकर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खत्म हुई पांच वनडे की सीरीज में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है और उनका टीम इंडिया में चुना जाना लगभग तय है। भारत की 15 सदस्यीय टीम का चुनाव 24 अप्रैल को हो सकता है क्योंकि 25 अप्रैल आइसीसी को टीम भेजने की आखिरी तारीख है।भारतीय टीम ने इस साल इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप से पहले अपना आखिरी वनडे फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेल लिया है। अब आइपीएल होगा और उसके बाद टीम इंडिया सीधे 25 मई को न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप अभ्यास मैच खेलेगी। विश्व कप के लिए भारतीय टीम कई मोर्चे तय कर चुकी है लेकिन अब भी कुछ सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। भारतीय चयनसमिति के एक सदस्य ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खत्म हुई सीरीज ने हमें काफी कुछ सोचने को मजबूर कर दिया है। हमारे 13 नाम तय हैं, लेकिन हमें दूसरे विकेटकीपर और एक अतिरिक्त बल्लेबाज के बारे में सोचना है। हम सिर्फ 15 खिलाड़ी ही विश्व कप में भेज सकते हैं और ऐसे में एक-एक जगह महत्वपूर्ण है।इसके अलावा अगर कोई खिलाड़ी आइपीएल के दौरान अनफिट होता है तो फिर अन्य नामों पर भी विचार करना होगा। अभी तक हम इस बात पर सहमत थे कि महेंद्र सिंह धौनी के अलावा रिषभ पंत को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर भेजा जा सकता है, लेकिन मोहाली और दिल्ली में उन्होंने जिस तरह विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी की उससे हमें काफी निराशा हुई। कुछ ऐसा ही हाल रायुडू और राहुल का है। सदस्य ने कहा कि हमारे ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन तय हैं। तीसरे नंबर पर भी कप्तान विराट कोहली ही बल्लेबाजी करेंगे। रायुडू और राहुल अगर नहीं जाते हैं तो विजय शंकर चौथे नंबर पर उतर सकते हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

4 × 5 =

Most Popular

To Top