पाकिस्तान में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की हालत बहुत ज्यादा गंभीर है।
पाकिस्तान
में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की हालत बहुत ज्यादा गंभीर
है। हृदय संबंधी बीमारी के चलते उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं इसलिए
उन्हें देर किए बगैर अस्पताल भेजा जाए। यह बात बुधवार को नवाज शरीफ के
डॉक्टर ने कही है।
शरीफ (69) लाहौर की कोट लखपत जेल में भ्रष्टाचार
मामले में सात साल के कारागार की सजा भुगत रहे हैं। मंगलवार को अचानक हृदय
में तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन कुछ घंटे बाद
परीक्षण करके और दवा देकर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वापस जेल
में डाल दिया गया।
पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी, लाहौर के
डॉक्टरों ने शरीफ की हालत को बहुत ज्यादा गंभीर नहीं बताया है। इन्हीं
डॉक्टरों ने शरीफ के स्वास्थ्य परीक्षण किए थे। लेकिन यह सलाह दी है कि
शरीफ को लगातार दवा और देखभाल की जरूरत है। जबकि शरीफ के निजी डॉक्टर अदनान
खान ने पूर्व प्रधानमंत्री की दशा को बहुत गंभीर करार दिया है। अदनान हृदय
रोग विशेषज्ञ हैं।
निजी डॉक्टर ने कहा है कि नवाज शरीफ को जिस तरह
का हृदय रोग है, उसका जेल में इलाज संभव नहीं है। इसलिए उन्हें पर्याप्त
देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाना चाहिए। अदनान ने कहा, पूर्व
में गठित स्पेशल मेडिकल बोर्ड ने शरीफ के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें
तत्काल अस्पताल में भर्ती करने की सिफारिश की थी लेकिन सरकार ने उस पर
ध्यान नहीं दिया। मेडिकल बोर्ड ने शरीफ की हालत को ठीक करार नहीं दिया था।
वैसे
शरीफ के स्ट्रेस थैलियम टेस्ट की रिपोर्ट में 56 प्रतिशत हालात सामान्य
होने की रिपोर्ट आई है। रिपोर्ट के अनुसार शरीफ के हृदय का बांया
वेंट्रिकिल, जहां से पूरे शरीर में रक्त जाता है, वह क्षतिग्रस्त हो गया
है।
शरीफ की सेहत पर चिंता व्यक्त करते हुए उनकी बेटी मरियम ने कहा
है कि उन्हें मीडिया में आ रही खबरों से ही अपने बीमार पिता के बारे में
जानकारियां मिल रही हैं। बाकी कोई उन्हें कुछ नहीं बता रहा। भाई शाहबाज
शरीफ ने पाकिस्तान सरकार से कहा है कि तीन बार देश के प्रधानमंत्री नवाज
शरीफ को सबसे अच्छा इलाज मुहैया कराया जाए।