निरंकारी मिशन शाहपुर द्वारा सारनू में लगाया गया रक्तदान शिविर
धर्मशाला, रक्तदान जीवनदान है और हमारे द्वारा किया गया रक्तदान कई जिंदगियां का बचाता है और उन्हें जीने की नई राह दिखाता है, यह विचार शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री श्रीमती सरवीण चौधरी ने आज निरंकारी मिशन शाहपुर शाखा द्वारा सारनू में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों से रू-ब-रू होने पर व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि देशभर में सरकारी कार्यक्रमों के अतिरिक्त कई स्वयंसेवी संस्थाएं रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहीं हैं परन्तु इसके परिणाम तभी सार्थक होंगे जब हम स्वयं रक्तदान करने के लिए आगे आयेंगे और अपने मित्रों व रिश्तेदारों को भी इसके लिए आगे आने के लिए प्रेरित करेंगें । शहरी विकास मंत्री ने कहा कि रक्तदान न केवल अन्य व्यक्ति के जीवन को बचाता है बल्कि यह रक्त देने वाले को स्वस्थ बनने में भी मदद करता है इसलिए यह दोनों के लिए लाभदायक है । उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिये मिशन के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगें ।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री ने सत्संग भी सुना। निरंकारी मिशन शाहपुर के प्रभारी अश्वनी वर्मा, जोन प्रभारी दुनी चन्द व कर्नल अशोक रैना ने शहरी विकास मंत्री का शिविर में आने पर धन्यवाद किया व आभार जताया। इस अवसर पर कर्नल अशोक रैना ने बताया कि मिशन नियमित तौर पर देश व प्रदेश में इस तरह के आयोजन करता रहता है।
राजेन्द्र प्रसार मैडिकल कॉलेज टांडा से डॉ0 अंजलि व धर्मशाला से डॉ0 अंजू व उनकी टीमों की मौजूदगी में लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर बागढू निवासी 57 वर्ष के जोगिंदर ने 27वीं बार तथा दुरगेला निवासी अभिनव ने 23वीं बार रक्तदान किया ।
इस अवसर पर योगराज चड्डा, राकेश मनु, नवनीत शर्मा तथा शाहपुर व इसके आसपास के क्षेत्रों के इस मिशन से जुड़े सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।