जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मंडी के सेरी मंच पर आगामी 15 अगस्त, 2018 को आयोजित किया जा रहा है। इसकी अध्यक्षता उद्योग, श्रम एवं रोजगार व तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री विक्रम सिंह करेंगे। यह जानकारी आज यहां समारोह की तैयारियों पर आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त श्री ऋग्वेद ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष की भांति इस बार भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह के अवसर पर सेरी मंच के सामने मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। पुलिस, गृह रक्षक जवान तथा एनसीसी व एनएसएस से जुड़े छात्र-छात्राएं परेड में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों व अन्य संस्थानों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों से आग्रह किया कि वे समारोह के सफल आयोजन के लिए अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्री राघव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र कंवर, सहायक आयुक्त श्री राज किशन, उपमंडलाधिकारी (ना.) श्री मदन कुमार, आदेशक, गृह रक्षक, मेजर (रि.) खेम सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रदीप कुमार व विद्युत श्री मनोज पुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल, नगर परिषद व अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।