मुंबई (हम हिंदुस्तानी)-अभिनेता गुलशन देवैया को जल्द ही रिलीज होने वाली ‘मर्द को दर्द नहीं होता’ (‘द मैन हू फील्स नो पेन’) में उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए प्रशंसा मिली है. अब वह अभिनेता मनोज वाजपेयी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. अगली फिल्म ‘हिंटरलैंड’ में मनोज वाजपेयी के साथ नजर आएंगे. हनी त्रेहन और अभिषेक चौबे द्वारा निर्मित, जिन्होंने अतीत में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता विशाल भारद्वाज की सहायता की है, यह फिल्म अगले वर्ष फ्लोर पर जाएगी. ‘हिंटरलैंड’ में पहली बार मनोज वाजपेयी के साथ गुलशन की जोड़ी नजर आएगी और वह प्रमुख भूमिका में होंगे. मनोज के साथ स्क्रीन स्पेस साझा करने को ले कर उत्साहित गुलशन उनके साथ काम कर के बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं. मनोज वाजपेयी को एक चैंपियन और नायक बताते हुए, वह उम्मीद करते है कि अपने काम से वे मनोज का सम्मान पा लेंगे. गुलशन कहते हैं, “जब मैंने स्क्रिप्ट सुना, तो मुझे यह पसंद आया और यह वास्तव में दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण है. इसकी शूटिंग मेरे लिए एक रोमांचक यात्रा होने जा रही है. मैं फिल्म में मनोज का भाई बना हूं. मैंने मनोज के काम को देखा है और जिस तरह से वे अपनी भूमिकाओं को निभाते है, मैं उसका बहुत बडा प्रशंसक हूं. वह एक असाधारण अभिनेता है और मेरे लिए एक बड़ी प्रेरणा रहे है. मुझे ‘सत्या’ याद है और उनके पर्फॉर्मेंस से मुझमें काफी आशा जगी. मुझे विश्वास होना शुरू हुआ कि मैं भी एक पेशेवर अभिनेता के रूप में सफल हो सकता हूं. मैं खुश हूं और उनके साथ काम करने का अवसर पा कर उत्साहित हूं. वह पिछले 25 वर्षों के सबसे महत्वपूर्ण अभिनेताओं में से एक है.