अमेरिकी संसद ने इलेक्टोरल कॉलेज के परिणामों पर लगाई मुहर, जो बाइडेन के अमेरिका का राष्ट्रपति बनने का रास्ता हुआ साफ, बाइडेन को मिले 306 वोट वहीं डोनाल्ड ट्रंप को हासिल हुए 232 वोट, ट्रंप ने मानी हार, कहा सुचारू रूप से होगा सत्ता का हस्तांतरण.अमेरिकी संसद में हंगामे के बाद अब कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को स्वीकर कर लिया है। अब संयुक्त राज्य अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के लिए जो बाइडेन का रास्ता साफ हो गया है। जो बाइडेन को 306 जबकि डोनाल्ड ट्रंप को 232 मत मिले है। कांग्रेस के चुनावी नतीजे स्वीकार करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप सत्ता हस्तांतरण के लिए तैयार हो गए है. घोषणा के साथ ही जो बाइडेन के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर मुहर लग गई। अब उनके 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति पद के रूप में शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया।लोकतांत्रिक सिद्धातों के तहत सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया के वक्त जो कुछ भी कैपिटल बिल्डिंग में घटा उसकी उम्मीद किसी ने सपने में भी नहीं की होगी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों की भीड़ ने बुधवार की दोपहर वॉशिंगटन के कैपिटल हिल पर धावा बोला और वहाँ मौजूद पुलिस से भिड़ गई। ज़ाहिर तौर पर यह भीड़ इस संभावना से प्रेरित थी कि ‘वो अमेरिकी कांग्रेस की कार्यवाही को रोक देगी’ ताकि नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन को 2020 के चुनाव में जीत का सर्टिफ़िकेट ना मिल सके। यह हमला तब हुआ जब राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने समर्थकों को कैपिटल पर चढ़ाई कर, नवंबर 2020 के चुनावी नतीजे पलट देने का आह्वान किया। भीड़ सीनेट कक्ष तक पहुँचने में सफल रही जहाँ कुछ ही मिनट पहले चुनाव परिणाम प्रमाणित किये गए थे।ट्विटर, फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम ने इसके बाद से राष्ट्रपति के आधिकारिक अकाउंट लॉक कर दिये हैं. इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का कहना है कि ‘ट्रंप लोगों को भड़का रहे हैं और अपने दावों से उन्हें भ्रमित कर रहे हैं.’ फ़ेसबुक ने कहा है कि वो इन प्रदर्शनों के सभी वीडियो और फ़ोटो हटाएगा. आधिकारिक रूप से यूएस कैपिटल हिंसा में चार लोगों की मौत हुई। इनमें से एक ‘ट्रंप-समर्थक’ महिला को पुलिस ने मौक़े पर ही गोली मार दी थी, जिसकी मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। पुलिस का कहना है कि बाकी तीन लोगों की मौत ‘मेडिकल इमर्जेंसी’ के चलते हुई।अमेरिकी सीनेट ने घटना पर शोक व्यक्त किया। सदस्यों ने घटना में मृतक लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। दंगे की आशंका को लेकर अमेरिकी कैपिटल बिल्डिंग के चारों तरफ़ सड़कों पर पुलिस तैनात है। वॉशिंगटन की मेयर ने पूरी रात के लिए कर्फ़्यू लगा दिया है। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में मेयर ने 15 दिन के लिए पब्लिक इमर्जेंसी लगा दी है।