जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर में दो छात्र संगठन के सदस्यों के बीच झड़प में एक दर्ज़न से अधिक छात्र घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज एम्स के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए परिसर में पुलिस बुलाई।जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर में दो छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच आज शाम झड़प हो गई। झड़प के दौरान एक दर्ज़न से अधिक छात्र घायल हो गये, जिनका एम्स के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। इसके साथ ही एक शिक्षक के घायल होने की भी ख़बर है, जिनका सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस बुलाई गई है।दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने जवहार लाल नेहरू विश्वविद्यालय में हुई हिंसा की आलोचना की है। उन्होंने ट्वीट किया.. छात्रों और शिक्षकों के खिलाफ जेएनयू में हिंसा बेहद निंदनीय है। दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया है कि जेएनयू प्रशासन के साथ समन्वय कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाये और हिंसा के ज़िम्मेदार अपराधियों के ख़िलाफ कार्रवाई करे।जेएनयू परिसर में हिंसा भड़कने के बाद जेएनयू के रजिस्ट्रार प्रमोद कुमार ने एक बयान में कहा है कि पूरे जेएनयू समुदाय के लिए अत्यावश्यक संदेश है कि परिसर में कानून व्यवस्था की समस्या पैदा हो गयी है। लाठियों से लैस कुछ नकाबपोश उपद्रवी आसपास घूम रहे हैं, संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं और लोगों पर हमले कर रहे हैं। जेएनयू प्रशासन ने व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस को बुलाया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह शांति बनाये रखने और चौकन्ना रहने का क्षण है। उपद्रवियों से निपटने के लिए प्रयास चल रहे हैं।’’