खेल

टीम इंडिया बांग्लादेश के ख़िलाफ़ आज खेलेगी अपना पहला डे-नाइट टेस्ट

भारतीय क्रिकेट टीम अपना पहला डे-नाइट टेस्ट खेलने के लिए तैयार है. कोलकाता का ईडन गार्डेन्स भारत और बांग्लादेश के बीच आज से शुरू हो रहे ऐतिहासिक टेस्ट की मेज़बानी करेगा. ये मैच पिंक बॉल से खेला जाएगा. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना पहले दिन के इस ऐतिहासिक खेल का गवाह बनेंगी.कोलकाता का ईडन गार्डेन्स का मैदान एक बार फिर गवाह बनने जा रहा है एक ऐतिहासिक पल का. भारतीय क्रिकेट टीम पहली बार दूधिया रोशनी में क्रिकेट के सबसे लंबे और पुराने प्रारूप में खेलने उतरेगी. बांग्लादेश के खिलाफ आज से शुरू हो रहे दिन रात के ऐतिहासिक टेस्ट में विराट कोहली की टीम का पलड़ा निश्चित तौर पर भारी रहेगा.भारतीय टीम घरेलू सीरीज में लगातार 12वीं जीत की तैयारी में है. बल्लेबाजी में भारतीय सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल शानदार फार्म में हैं. मयंक ने पहले टेस्ट में दोहरा शतक लगाने में सफलता पाई थी. वहीं रोहित शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. वहीं कोहली, पुजारा और अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन भी पिछले कुछ समय से शानदार रहा है. मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा और उमेश यादव की तिकड़ी की शानदार तेज गेंदबाजी की बदौलत भारत ने इंदौर टेस्ट में बांग्लादेश को एक पारी और 130 रन से हराया था. खिलाड़ियों के लिए हालांकि चुनौती जल्दी सूर्यास्त होने पर ओस के प्रभावों से निपटने की होगी. यह भी देखना होगा कि गुलाबी गेंद से खिलाड़ी कैसे खेलते हैं.दूसरी तरफ इंदौर में बांग्लादेश की बल्लेबाजी लचर साबित हुई थी. सिर्फ मुशफिकुर रहीम ही 50 से अधिक रन बना सके थे. शाकिब अल हसन के निलंबन के बाद कप्तानी संभाल रहे मोमिनुल हक दबाव का सामना नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे में अगर बांग्लादेश को सीरीज बराबर करानी है, तो उनके बल्लेबाजों को अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा.अभी तक दुनियाभर में दिन-रात के 11 टेस्ट खेले जा चुके हैं. इन सभी टेस्ट का नतीजा निकला है. ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि ईडन गार्डेन्स में डे-नाइट टेस्ट के नतीजे आने का सिलसिला जारी रहता है या नहीं.

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

fourteen − six =

Most Popular

To Top