चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह मंगलवार को संगरूर और पटियाला के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण घग्गर नदी में दरार पडऩे के कारण इन दो जि़लों में बाढ़ की स्थिति पैदा हुई है। मुख्यमंत्री संगरूर जि़ले की तहसील के गाँवों और पटियाला जि़ले के पातड़ां तहसील के बादशाहपुर में खड़ी फसलों को हुए नुकसान का अनुमान लगाने के लिए प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करेंगे। सबसे पहले मुख्यमंत्री मूनक तहसील के बाढ़ प्रभावित गाँवों का दौरा करेंगे और वह संगरूर जि़ले के सिविल और पुलिस अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद मूनक की दाना मंडी में आम लोगों से मिलकर फसलों को हुए नुकसान का पता लगाएंगे। उनके साथ राजस्व और पुनर्वास एवं जल स्रोत विभाग के सीनियर अधिकारियों की एक टीम भी जायेगी। इससे पहले कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने वित्त कमिश्नर राजस्व के.बी.एस. सिद्धू को संगरूर जि़ले की मूनक तहसील के गाँव फुलाड में दरार वाली जगह का दौरा करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्थिति का जायज़ा लिया और नुकसान का अनुमान लगाया। इसके साथ ही उन्होंने चल रहे राहत कार्यों का भी जायज़ा लिया।बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि दरार के कारण तीन गाँव भून्दड़भैनी, सुरजनभैनी और सलेमगढ़ प्रभावित हुए हैं और कृषि ज़मीन में पानी भर गया है। सुरजनभैनी गाँव पानी से ज़्यादा प्रभावित हुआ है। जि़ला अथॉरिटी ने दरार भरने और राहत कार्यों के लिए उपयुक्त तैयारी की है। एफ.सी.आर. ने भी कैप्टन अमरिन्दर सिंह को बताया कि वह भी दरार वाली जगह पर जि़ला प्रशासन /पुलिस, सेना के अधिकारियों के साथ-साथ गाँव वासियों और कार्यों में स्वैच्छा से जुटे लोगों को मिले हैं और उनके साथ लम्बा विचार-विमर्श किया है। उन्होंने स्थानीय लोगों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है। दोनों स्थानों पर स्थानीय लोगों ने बिना किसी मुआवज़े के किनारों के पास 20 फुट ज़मीन मुहैया कराने की पेशकश की है। वित्त कमिश्नर ने यह भी कहा कि उन्होंने पानी का स्तर घटते ही जि़ला अथॉरिटी को विशेष गिरदावरी के निर्देश दिए हैं।