हर खेल के जिले से राज्य स्तर तक मुकाबलों का आग़ाज़ 20 जुलाई से
चंडीगढ़ – पंजाब सरकार द्वारा इस साल मनाए जा रहे श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को और यादगार बनाने और स्वस्थ पंजाब का निर्माण करने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा विशेष खेल मुकाबले करवाए जा रहे हैं जिस सम्बन्धी खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी द्वारा आज यहाँ खेल कैलेंडर जारी किया गया।राणा सोढी ने बताया कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत बनाए गए खेल प्रोग्राम में हर खेल की जि़ला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खेल, साइकिल रैली और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी कप करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित खेल मुकाबलों की शुरुआत 20 जुलाई से सभी जिलों में लडक़ों और लड़कियों की अंडर-14 जि़ला खेल से हो जायेगी जोकि 30 जुलाई तक चलेंगी। उन्होंने कहा कि इन खेल मुकाबलों का शिखर 17 अक्तूबर को सुलतानपुर लोधी से डेरा बाबा नानक तक साइकिल रैली और इसके बाद सर्कल स्टाइल कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी कप के साथ होगा।खेल मंत्री ने खेल कैलेंडर संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 20 अगस्त तक सभी जिलों में अंडर -18 जि़ला खेल, 11 से 20 अगस्त तक सभी जिलों में अंडर-25 जि़ला खेल, 21 से 23 अगस्त तक लुधियाना में अंडर 14 पंजाब राज्य खेल (लडक़े), 2 से 4 सितम्बर तक रूपनगर में अंडर-14 पंजाब राज्य खेल (लडक़ी), 11 से 13 सितम्बर तक फिऱोज़पुर में अंडर-18 पंजाब राज्य खेल (लडक़े), 12 से 16 अक्तूबर को फतेहगढ़ साहिब में अंडर 14, 17 और 25 वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप (लडक़े), 19 से 23 अक्तूबर तक तरनतारन में अंडर 14, 17 और 25 वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप (लड़कियाँ), 6 से 8 नवंबर तक श्री मुक्तसर साहिब में अंडर-18 पंजाब राज्य खेल (लड़कियाँ), 21 से 23 नवंबर तक पटियाला में अंडर-25 पंजाब राज्य खेल (लडक़े), 28 से 30 नवंबर तक मानसा में अंडर-25 पंजाब राज्य खेल (लड़कियाँ) करवाए जाएंगे।राणा सोढी ने आगे बताया कि जलियांवाला बाग़ की 100वीं वर्षगांठ को समर्पित वॉलीबाल का फेडरेशन गोल्ड कप भी 27 सितम्बर से 3 अक्तूबर तक अमृतसर में करवाया जायेगा।