अमेरिका में भारतीय मूल की पहली सीनेटर कमला हैरिस को ‘‘अमेरिकी अश्वेत नहीं होने’’ को लेकर ऑनलाइन निशाना बनाया गया है। मीडिया में आई खबरों में यह दावा किया गया है।
हैरिस डेमोक्रेटिक पार्टी के उन नेताओें में शामिल हैं, जिनकी नजर 2020 में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव पर है। इसमें जीतने पर वह व्हाइट हाउस में पहुंचने वाली पहली महिला होंगी। हैरिस की मां एक भारतीय, जबकि पिता जमैका के रहने वाले थे। अमेरिका में वे दोनों प्रवासी थे। उल्लेखनीय है कि अमेरिका की आबादी में एक फीसदी लोग भारतीय मूल के अमेरिकी हैं और यह देश में सबसे तेजी से बढ़ रहा अल्पसंख्यक वर्ग है। हैरिस की चुनाव प्रचार निर्देशक लिली एडम्स ने इस नस्ली हमले को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप सहित अन्य लोग ओबामा के जन्म स्थान के बारे में सवाल करने के लिए इसी तरह के शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।