श्रीलंका चुनाव आयोग के प्रमुख महिंदा देशप्रिय ने कहा कि देश में राष्ट्रपति चुनाव 15 नवंबर से सात दिसंबर के बीच होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संवैधानिक प्रावधानों के मुताबिक चुनाव मौजूदा राष्ट्रपति के कार्यकाल से एक माह पहले होना चाहिए। देशप्रिय ने दक्षिण कोलंबो के मोरातुवा उपनगर में शनिवार को आयोजित वोटर्स डे कार्यकर्मों को संबोधित किया और कहा, “चुनाव मौजूदा राष्ट्रपति के कार्यकाल के समापन से एक महीने पहले होना चाहिए।” उन्होंने कहा, “चुनाव की सबसे करीबी तारीख 15 नवंबर हो सकती है क्योंकि 10 नवंबर को रविवार है और 12 नवंबर को पोया दिवस है।सिरिसेना अपने प्रतिद्वंद्वी महिंदा राजपक्षे को हराकर 8 जनवरी 2015 को 5 वर्ष के लिए राष्ट्रपति चुने गए थे। देशप्रिय ने कहा कि चुनाव आयोग को 15 नवंबर से सात दिसंबर के बीच किसी भी दिन चुनाव कराने की अनुमति दी जा सकती है। सात दिसंबर चुनाव के लिहाज से आखिरी तारीख होगी।”