लोकतंत्र के महापर्व में आज 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 91 सीटों पर मतदान, चुनाव आयोग की ओर से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की तैयारियां पूरी, मुख्य चुनाव आयुक्त ने की लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए भारी मतदान की अपील।देश की 543 में से 91 सीटों पर आज सुबह से मतदान शुरु हो गया है। अधिकांश संसदीय निर्वाचनक्षेत्रों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच है। हालांकि वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों और पूर्वोत्तर राज्यों में मतदान समाप्ति का समय अलग अलग है। पहले चरण में जिन 91 सीटों पर मतदान है वो 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैली हैं। इस चरण में तेलंगाना की सभी 17, आंध्र प्रदेश की सभी 25, उत्तर प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 7, उत्तराखंड की सभी 5, असम की 5, बिहार की 4, ओडिशा की 4, जम्मू कश्मीर, मेघालय, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश की दो-दो, मिज़ोरम, मणिपुर, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार और लक्षद्वीप की 1-1 सीट पर वोट डाले जा रहे हैं।
पहले चरण में कुल 14 करोड़ 20 लाख से ज्यादा मतदाता कुल 1279 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव के लिए कुल एक लाख 70 हजार से ज्यादा मतदान बूथ बनाए गए हैं। सभी राज्यों में मतदान की तैयारियां पूरी हो गयी हैं और लाखों कर्मचारियों को मतदान की प्रक्रिया में लगाया गया है । स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिये बडी संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात किये गए हैं। इनमें केन्द्रीय और राज्य के सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।चार राज्यों में विधानसभा चुनावों के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सभी 175 सीटों, सिक्किम विधानसभा की सभी 32 सीटों और अरुणाचल प्रदेश विधानसभा की 57 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। ओडिशा विधानसभा की 28 सीटों के लिए भी मतदान हो रहा है। आंध्रप्रदेश में भी लोकसभा के साथ ही विधानसभा के लिए भी मतदान हो रहा है । राज्य में लोकसभा के साथ ही विधानसभा के लिए भी वोट हो रहे हैं । राज्य में कुल 45959 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमें एक तिहाई संवेदनशील हैं।
बात छत्तीसगढ की करें तो पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान हो रहा है । मंगलवार को हुए नक्सली हमले के बाद सुरक्षा और कडी कर दी गयी है। बात यूपी की करें तो राज्य में पश्चिमी यूपी की आठ सीटों पर सुबह से मतदान हो रहा है। इस चरण में डेढ़ करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस चरण के लिए कुल 6,716 मतदान केंद्र और 16,581 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। बात अगर पूर्वोत्तर भारत की करें तो यहां भी मेघालय अरुणाचल प्रदेश मिज़ोरम और नागालैंड में सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा सिक्किम, त्रिपुरा, मणिपुर और असम में भी पहले चरण के मतदान की प्रक्रिया जारी है। मतदान अधिकारी अपने केंद्रों तक पहुंच गए हैं। पश्चिम बंगाल , महाराष्ट्र और ओडिशा में भी चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। वहीं उत्तराखंड की सभी पांच सीटों के लिए भी मतदान जारी है। चुनाव को स्वतंत्र निष्पक्ष एवं भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।पहले चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है उनमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जनरल वीके सिंह और महेश शर्मा, हंसराज अहीर, सत्यपाल सिंह और किरेन रिजिजू के अलावा रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह उनके बेटे जयंत चौधरी, एलजेपी नेता चिराग पासवान , ,उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत और तेलंगाना के मुख्य़मंत्री केसीआर के बेटी के कविता शामिल हैं। कुल मिलाकर चुनाव के लिए तैयारियां पूरी हैं और अब सबकी नजरें मतदान पर हैं कि जनता क्या फैसला करती है।