अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को राष्ट्रपति ने नारी शक्ति
पुरस्कार प्रदान किए. खास बात ये रही कि इन पुरस्कारों को हासिल करने वाली
महिलाओं में एक नाम दूरदर्शन की वरिष्ठ एंकर नीलम शर्मा का भी रहा.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने देश की 40 महिलाओं और तीन संस्थाओं को देश
में सर्वोच्च महिला पुरस्कार नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया. महिला
दिवस के मौके पर देश भर में तमाम और कार्यक्रमों के जरिए नारी शक्ति को
सलाम किया गया.
यानि वो दिन जब हम दुनिया की आधी आबादी के आर्थिक,
राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों को उत्सव के तौर पर मनाते हैं. महिलाएं आज
राजनीति, प्रशासन, समाज सेवा व अन्य सभी क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कंधे
से कंधा मिलाकर चल रही हैं. आज वह अपने बुलंद इरादों से अपनी कहानी खुद
लिख रही है. इन्हीं महिलाओं के सम्मान का प्रतीक है महिला दिवस. महिला दिवस
पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश की 40 महिलाओं और तीन संस्थाओं को देश
में सर्वोच्च महिला पुरस्कार नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया. इस
बार इस पुरस्कार के लिए कुल 1,000 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें से
इस बार ये पुरस्कार 41 महिलाओं और तीन संस्थानों को प्रदान किए गए.
हालांकि देविका अम्मा स्वास्थ्य ठीक नहीं होने की वजह से पुरस्कार ग्रहण
करने नहीं आ सकीं. पुरस्कार ग्रहण करने वालों में दूरदर्शन परिवार की
वरिष्ठ एंकर नीलम शर्मा भी शामिल हैं. उन्हें समाज में उनके उल्लेखनीय
योगदान के लिए ये पुरस्कार प्रदान किया गया.
इसके अलावा कमांडो ट्रेनर सीमा राव, महिला उद्यमी कल्पना सरोज, ब्रह्मकुमारी, शिवानी वर्मा और रानी मिस्त्री सुनीता देवी प्रमुख थीं.
इस
खास दिन के लिए इस साल की थीम ‘बैलेंस फॉर बेटर’ रखी गई है. राष्ट्रपति
रामनाथ कोविन्द ने महिला दिवस के मौके पर देश की सभी महिलाओं को बधाई दी
है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति
को सलाम करते हुए ट्विटर पर लिखा, ”अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर
हम नारी शक्ति को सलाम करते हैं. हमें गर्व है कि हमने अनेक ऐसे निर्णय लिए
हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण हुआ है.”
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट
के साथ न्यू इंडिया4 नारी शक्ति शीर्षक से वीडियो भी जारी किया. महिला और
बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने भी महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई दी है.
देश
के तमाम हिस्सों में भी नारी शक्ति के लिए तमाम कार्यक्रम हुए. दिल्ली में
सीआरपीएफ की पहली महिला बटालियन ने भी महिला दिवस का जश्न मनाया. भोपाल
में भारतीय रेलवे ने भोपाल बिलासपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सारे स्टाफ को
महिलाओं को रखकर महिला दिवस मनाया.
दुनिया का बड़ा सर्च इंजन गूगल
महिला दिवस को अपने ही अंदाज में सेलिब्रेट कर रहा है. गूगल ने अपने डूडल
में एक स्लाइड शो के माध्यम से अलग-अलग भाषाओं में महिलाओं से जुड़े
प्रेरणादायक कोट्स लिखे हैं.
महिला दिवस का मुख्य मकसद महिलाओं को सशक्त बनाना है और इसके लिए सबको साथ मिलकर काम करना होगा.