चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने 1984 के ब्लू स्टार ऑपरेशन के दौरान श्री दरबार साहिब, अमृतसर की पुस्तकालय से हटाई गई ऐतिहासिक सामग्री को तुरंत वापस करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखा है। इस मामले में मंत्री के दख़ल की माँग करते हुए कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि इंग्लैंड से सिख संगठनों की तालमेल कमेटी के कुछ नुमायंदों का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में उनको मिला और उन्होंने इंग्लैंड के सिख भाईचारे और वहाँ बसे भारतीयों से सम्बन्धित कुछ मुद्दों संबंधी विचार विमर्श किया। इनमें हरिमंदिर साहिब से लेजाई गई ऐतिहासिक सामग्री से सम्बन्धित मुद्दा भी शामिल था। मुख्यमंत्री ने आगे लिखा है कि पंजाब सरकार प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों संबंधी उचित स्तर पर पहले ही विचार विमर्श कर रही है। परन्तु ऐतिहासिक सामग्री श्री दरबार साहिब को वापस देने के लिए भारत सरकार के गृह मामलों के मंत्रालय के दख़ल की ज़रूरत है। मुख्यमंत्री ने आगे लिखा है कि बहुत सारी सिख धर्म की अनमोल और ऐतिहासिक सामग्री जून, 1984 में सुरक्षा बल अपने साथ ले गई थीं और इसको अभी तक वापस नहीं किया गया। सिखों द्वारा इस मसले को बार-बार उठाया गया। यहाँ तक कि पंजाब सरकार ने भारत सरकार को इसमें दख़ल देने का आग्रह किया जिससे इस ऐतिहासिक सामग्री वापस श्री दरबार साहिब, अमृतसर में बहाल करने को यकीनी बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने यह मामला जल्दी हल करने के लिए श्री राजनाथ सिंह से माँग की है और कहा है कि यह सिख भाईचारे की लंबे समय से लम्बित पड़ी हुई माँग है। उन्होंने इस मामले को हल करने के लिए भारत सरकार के लिए ज़रुरी किसी भी सहयोग और सहायता के लिए पेशकश की।