खेल

ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन: पीवी सिंधु पहले दौर में बाहर और प्रणय को हराकर प्रणीत दूसरे दौर में

दुनिया की छठवें नंबर की महिला शटलर पीवी सिंधु बुधवार को यहां ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैम्पियनशिप के पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गईं। उन्हें वुमन्स सिंगल्स में दक्षिण कोरिया की सुंग जी ह्यून ने 21-16, 20-22, 21-18 से हराया। सिंधु ने पिछले साल इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, मेन्स सिंगल्स में वर्ल्ड नंबर 26 भारतीय शटलर बी साईं प्रणीत ने हमवतन एचएस प्रणय को 21-19, 21-19 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

सिंधु और ह्यून 15वीं बार कोर्ट पर आमने-सामने थीं। इस जीत के साथ ह्यून ने सिंधु को करियर में सातवीं बार हराया। इससे पहले पिछले साल नवंबर में हॉन्गकॉन्ग ओपन में भी सिंधु के खिलाफ ह्यून जीत हासिल करने में सफल रही थीं। सिंधु ने आखिरी बार ह्यून को अगस्त 2018 में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैम्पियनशिप में हराया था।

मेन्स सिंगल्स में प्रणीत ने वर्ल्ड नंबर 19 प्रणय को हराने में 52 मिनट का समय लिया। अंतरराष्ट्रीय करियर में दोनों शटलर चौथी बार कोर्ट पर आमने-सामने थे। इस जीत के साथ ही प्रणीत ने प्रणय के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 2-2 से बराबर किया। प्रणीत ने इससे पहले 2009 में सैयद मोदी ग्रैंड प्रिक्स में प्रणय को हराया था। प्री क्वार्टरफाइनल में प्रणीत का सामना हॉन्गकॉन्ग के एनजी का लॉन्ग एंगस से होगा। एंगस की मौजूदा वर्ल्ड रैंकिंग 15 है।

वुमन्स डबल्स में जे मेघना और एस पूर्विशा राम की भारतीय जोड़ी को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ गया। भारतीय जोड़ी को रूस की एकातेरिना बोलोतोवा और एलिना दावेतोवा के सामने 18-21, 21-12, 21-12 से हार झेलनी पड़ी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

4 × one =

Most Popular

To Top