मोनाको के राष्ट्र प्रमुख प्रिंस अल्बर्ट द्वितीय भारत के दौरे पर हैं.
उन्होंने मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाक़ात कर द्विपक्षीय और आपसी हितों से
जुड़े मामलों पर चर्चा की. मोनाको के राष्ट्र प्रमुख ने राजघाट जाकर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की और मोनाको के
व्यापारिक प्रतिनिधि मंडल के साथ फिक्की की एक बैठक में भी हिस्सा लिया.
भारत
के दो दिन के दौरे पर आए मोनाको के राष्ट्र प्रमुख प्रिंस अल्बर्ट द्वितीय
ने मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की और तमाम अहम
मुद्दों पर बात की. इससे पहले हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
से मुलाक़ात के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय और आपसी हितों से
जुड़े मामलों पर चर्चा हुई. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने
ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री ने मोनाको के राष्ट्र प्रमुख प्रिंस
अल्बर्ट द्वितीय के साथ मुलाकात की और आपसी सहयोग बढ़ाने से जुड़े विभिन्न
मुद्दों, विशेषकर पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय उर्जा पर विचारों
का आदान-प्रदान हुआ.
बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया
है कि भारत की ओर से मोनाको को डिप्लोमेटिक वीज़ा पर छूट दी जाएगी, ढांचागत
विकास में सहयोग के अवसरों पर गौर किया जाएगा, भारत की अर्थव्यवस्था में
मोनाको की कंपनियों के लिए निवेश के अच्छे अवसर हैं, दोनों देशों के बीच कई
क्षेत्रों में व्यापारिक सहयोग की संभावना है, जलवायु परिवर्तन और
सामुद्रिक संसाधनों के उपयोग को लेकर दोनों देशों के हित साझा हैं,
नवीकरणीय ऊर्जा, शहरी मामलों, स्मार्ट सिटी और पर्यावरण के मुद्दों पर
सहयोग बढ़ाया जाएगा.
प्रिंस अल्बर्ट द्वितीय ने विदेश मंत्री सुषमा
स्वराज से मुलाक़ात के दौरान अन्य मुद्दों के साथ साथ स्मार्ट सिटी, मैरीन
इको सिस्टम, निवेश, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने
जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया.
प्रिंस अल्बर्ट
द्वितीय ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी
अर्पित की और आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार भी अंकित किए. इस अवसर पर
उन्हें गांधीजी की प्रतिमा भेंट स्वरूप प्रदान की गई.
मोनाको के
राष्ट्र प्रमुख ने मोनाको के व्यापारिक प्रतिनिधि मंडल के साथ फिक्की की एक
बैठक में भी हिस्सा लिया जहां फिक्की और मोनाको इकोनॉमिक बोर्ड के बीच एक
समझौते पर हस्ताक्षर भी किए गए. बाद में प्रिंस अल्बर्ट द्वितीय ने ऊर्जा
और पर्यावरण विषय पर टेरी द्वारा आयोजित एक सेमिनार में भी शिरकत की.
भारत
और मोनाको के बीच करीबी और बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधी हैं, जिनमें आर्थिक
और तकनीकी आयाम अहम हैं, भारत और मोनाको के बीच कूटनीतिक संबंधों की
शुरुआत 2007 से हुई है. प्रिंस अल्बर्ट द्वितीय की भारत की ये पहली
आधिकारिक यात्रा है और इस दौरे पर उनके साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी
आया है. इस दौरे से दोनों देशों के संबंध और प्रगाढ़ होने की उम्मीद है.