खेल

मेलबर्न वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी मात, सीरीज़ पर 2-1 से कब्जा

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ को 2-1 से अपने नाम कर लिया है. भारत ने मेलबर्न में खेले गए आख़िरी वनडे को 7 विकेट से जीता. ये पहली बार है जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया की सरज़मीं पर वनडे की द्विपक्षीय सीरीज़ जीती है. मैन ऑफ द मैच जहां 6 विकेट लेने वाले युजवेंद्र चहल रहे, तो वहीं मैन ऑफ द सीरीज़ का ख़िताब महेंद्र सिंह धोनी के नाम रहा.

मेलबर्न में ज़मींदोज़ हुआ कंगारुओं का गुमान, टेस्ट के बाद वनडे में भी विराट के वीरों ने पार किया हर इम्तेहान. धोनी की धमक और युजवेंद्र चहल की चमक ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई कैंप को तहस-नहस किया और इसकी शुरुआत टॉस जीतकर हुई. गेंदबाज़ी का भारतीय टीम का फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ और ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 27 रन के अंदर अपने दोनों ओपनर्स खो दिए. यहां से टीम को संभालने का काम उस्मान ख़्वाजा और शॉन मार्श ने ज़रूर किया लेकिन टीम का स्कोर जब 100 रन पहुंचा तब युजवेंद्र चहल की फिरकी ने रंग दिखाया और पहले शॉन मार्श और फिर उस्मान ख्वाजा को चलता कर अपनी मौजूदी को साबित किया.

चहल ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बड़ी मुसीबत बनते गए और मार्क्स स्टोएनिस का भी विकेट सामने आ गया जो अपने खाते में केवल 10 रन ही जोड़ पाए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से केवल पीटरहैंड्सकॉम्ब ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज़ रहे, जिन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली. ग्लेन मैक्सवेल ने भी 19 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली लेकिन ये काफी नहीं रहा. पीटरहैंड्सकॉम्ब ने 58 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिला, कंगारू पूरे 50 ओवर भी नहीं टिक सके और 48.4 ओवर में 230 रन पर सिमट गए.

जीत के लिए लक्ष्य बेहद मामूली 231 रन का था, लेकिन ओपनर रोहित शर्मा 9 पर पीटर सिडल का शिकार बन गए. इसके थोड़ी देर बाद शिखर धवन भी 23 पर पवेलियन लौट गए. यहां से एक बार फिर ज़िम्मेदारी विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के कंधों पर आई. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी हुई. लेकिन बीच मझधार में विराट की इस विकेट ने एक बार के लिए ज़रूर टीम को हिला दिया. विराट 46 पर पवेलियन वापस लौटे.

लेकिन महेंद्र सिंह धोनी ने केदार जाधव के साथ 121 रन की ज़बरदस्त पार्टनरशिप निभाई और एडिलेड के बाद मेलबर्न में शान के साथ तिरंगे को लहरा दिया. धोनी 87 तो जाधव 61 पर नाबाद रहे. भारत ने सात विकेट से मेलबर्न में ऐतिहासिक जीत का लिबास पहना और पहली बार ऑस्ट्रेलिया की सरज़मीं पर सीरीज़ को 2-1 से अपने नाम किया.

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

4 × one =

Most Popular

To Top