आर्थिक पिछड़ों के आरक्षण को पीएम नरेंद्र मोदी ने हाशिए पर रह रहे लोगों की तरक्की की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताया है। आगरा की रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि जो काम आजादी के 70 साल में नहीं हुआ वो एनडीए सरकार कर रही है ।
देश की राजनीति दशकों तक आरक्षण पर टिकी रही, लोग वोट बैंक बने रहे,साल 2019 नया साल एक ज़िम्मेदार सरकार संविधान संशोधन का ऐतिहासिक पल और अनारक्षित वर्ग के आर्थिक पिछड़ों को आरक्षण मुकम्मल हुआ। सबका साथ सबका विकास सुशासन की आत्मा है और यही प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र भी जो गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के सफ़र तक बुलंद होता चला जा रहा है। प्रधानमंत्री ने उन सवालों का भी जवाब दिया जो आरक्षण विधेयक को सिर्फ राजनैतिक मुद्दा बता रहे हैं।
मंच आगरा का था तो भला जांच की आंच पर बात कैसे ना होती. प्रधानमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर देश का चौकीदार सख़्त है विपक्ष को इसी सख़्ती से परेशानी है मुक़ाबला करने के लिए वो लोग भी इक्कठे हैं जो कभी एक-दूसरे के विरोधी हुआ करते थे।
इस मौक़े पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने आरक्षण को सामाजिक न्याय का रास्ता बताते हुए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और स्मार्ट सिटी संबंधित साढ़े तीन हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जनता को सौगात दी। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के इतने दशकों के बाद बढ़ी असमानता को स्वीकार करते हुए उसका समाधान खोजने का एक प्रयास किया केंद्र सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि सरकार ने आरक्षण के साथ ही उच्च शिक्षा की सीटों में 10 फीसदी का इजाफा किया है। पीएम ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों का हक छीनने वाला कोई काम नहीं करेगी ।
प्रधानमंत्री ने रफाल मामले पर तथ्यों के साथ बड़ी ही साफगोई से संसद में जवाब देने के लिए रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण की तारीफ़ की तो वहीं उन्होने विपक्ष की गलतबयानी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री का मजाक बनाकर विपक्ष देश की महिलाओं का अपमान कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगुस्ता घोटाले में दलाली के आरोपी क्रिश्चिन मिशेल को कांग्रेस के वकील बचाने की कोशिश कर रहे हैं। .
आगरा के लिए लंबे समय से ज़रूरत और मांग को पूरा करते हुए प्रधानमंत्री ने गंगाजल परियोजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होने एक केंद्रीय कंमाड सेंटर और मेडिकल कॉलेज के अपग्रेडेशन की आधारशिला रखी। आगरा के लिए कुल 2880 करोड़ की परियोजनाएं जहां एक ओर स्मार्ट सिटी की ओर कदम हैं तो वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा देने वाली हैं।
आगरा भाजपा के लिए भाग्यशाली साबित हो चुका है। इसके चलते भाजपा एक बार फिर लोकसभा चुनावों को लेकर आगरा से ही विजयशंखनाद करने जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2014 के आम चुनाव से पूर्व नवंबर 2013 में नरेंद्र मोदी ने आगरा में विजय शंखनाद रैली की। इसके बाद भाजपा को भारी बहुमत से जीत हासिल हुई और केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए पीएम मोदी ने 20 नवंबर 2016 को आगरा आकर में परिवर्तन रैली की। यहां से शुरुआत करने के बाद यूपी में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनी। दो बार विजय पताका फहराने के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव अभियान की शुरुआत आगरा से की है।