हॉकी विश्व कप के सोमवार को खेले गए क्रॉसओवर मैच में इंग्लैंड ने न्यू जीलैंड को हराकर टूर्नमेंट के क्वॉर्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वॉर्टर फाइनल में इंग्लैंड का सामना 12 दिसंबर को अर्जेंटीना से होगा।
इंग्लैंड ने अपनी आखिरी कोशिश में एड़ी-चोटी का जोर लगाकर सोमवार को खेले गए क्रॉसओवर मैच में न्यू जीलैंड को हराकर ओडिशा के क्वॉर्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कलिंगा स्टेडियम में इंग्लैंड ने न्यू जीलैंड को 2-0 से हराया। इंग्लैंड के लिए विल क्लानन और ल्यूक टेलर ने गोल किए। वर्ल्ड नंबर-7 इंग्लैंड मैच की शुरुआत में गोल करने की काफी कोशिश कर रही थी लेकिन न्यू जीलैंड के डिफेंस मैच के 25वें मिनट में फिल रोजर किसी तरह अकेले गेंद को न्यू जीलैंड के गोल पोस्ट के पास लेकर गए और उन्होंने उसे विल क्लानन को पास कर दिया। क्लानन ने मौके को भुनाते हुए इंग्लैंड का खाता खोला। इसके साथ इंग्लैंड ने कोई भी गोल न खाते हुए 1-0 की बढ़त के साथ पहले हाफ का समापन किया। दूसरे हाफ में डिफेंस को मजबूत रखते हुए इंग्लैंड ने न्यू जीलैंड पर अपना दबदबा जारी रखा।
इसी बीच पिछले तीन पेनल्टी कॉर्नर को भुना पाने में असफल रहने के बाद इंग्लैंड ने चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर सफलता हासिल की। इंग्लैंड के इस पेनल्टी कॉर्नर को ल्यूक टेलर ने सफल किया और अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। आखिरी 15 मिनटों में न्यू जीलैंड गोल करने का भरसक प्रयास कर रही थी लेकिन उसे मौका नहीं मिल पा रहा था। आखिरकार उसे इंग्लैंड से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड का सामना अब क्वॉर्टर फाइनल में 12 दिसंबर को अर्जेंटीना से होगा।