मुंबई – ‘सत्यमेव जयते’ के साथ जॉन अब्राहम ने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे तोड़ना आसान नहीं होगा। अगर कोई एक्टर जॉन का बनाया यह रिकॉर्ड ब्रेक करना चाहता है तो उसे A सर्टिफिकेट की ज़रूरत होगी, क्योंकि जॉन की ‘सत्यमेव जयते’ सबसे ज़्यादा बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन करने वाली एडल्ट फ़िल्म बन गयी है। 15 अगस्त को रिलीज़ हुई ‘सत्यमेव जयते’ 29 अगस्त को रिलीज़ के 15 दिन पूरे कर चुकी है और अब तक लगभग 88 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। यह भी एक दिलचस्प रिकॉर्ड है। वैेसे रिलीज़ के वक़्त भी निर्माताओं ने दावा किया था कि सीबीएफसी की ए रेटिंग के बावजूद 20.52 करोड़ की ओपनिंग आज तक किसी फ़िल्म ने नहीं ली है। मिलाप ज़वेरी निर्देशित सत्यमेव जयते एक मसाला एंटरटेनर है, जिसमें जॉन के साथ मनोज बाजपेयी ने पैरेलल लीड रोल निभाया है, जो पुलिस अफ़सर का है। एक्ट्रेस नेहा शर्मा की बहन आएशा शर्मा ने इस फ़िल्म से डेब्यू किया है। जॉन की इस साल यह दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले रिलीज़ हुई परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर 65.36 करोड़ जमा किये थे और हिट रही थी। आम तौर पर फ़िल्ममेकर्स ए सर्टिफिकेट लेने से बचते रहे हैं। इस रेटिंग की वजह से फ़िल्म के सैेटेलाइट राइट्स बेचने में तो दिक्कत होती ही है, साथ ही सिनेमाघरों में भी दर्शकों की गिनती अपेक्षाकृत कम रहती है, क्योंकि फ़ैमिली ऑडिएंस फ़िल्म को नहीं मिल पाती। मगर, पिछले कुछ सालों में आयी फ़िल्मों की बात करें तो A सर्टिफिकेट के बावजूद कुछ फ़िल्मों ने अच्छा कारोबार किया।