सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ की शूटिंग इन दिनों माल्टा में चल रही है। ये एक बेहद ही खूबसूरत देश है जहां इस वक्त सलमान खान अपनी मां सलमा खान, बहन अलविरा और जीजा अतुल अग्निहोत्री के साथ फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंचे हुए हैं। इस फिल्म में सलमान खान की हीरोईन बनी हैं कैटरीना कैफ। कैटरीना भी फिल्म की शूटिंग के लिए माल्टा पहुंच चुकी हैं और उन्होंने इसकी शूटिंग शुरू भी कर दी है।इसकी जानकारी खुद ‘टाइग्रेस’ कैटरीना कैफ ने ही दी है। कैटरीना ने माल्टा से अपनी एक प्यारी सी फोटो शेयर की है और उसे कैप्शन दिया है माल्टा। इसका मतलब तो यही है कि कैटरीना कैफ ने फिल्म ‘भारत’ की शूटिंग शुरू कर दी है। खास बात ये है कि इस फोटो में कैटरीना फिल्म में अपने किरदार के लुक में दिखाई दे रही है। याद दिला दें कि पहले इस फिल्म में कैटरीना की जगह प्रियंका चोपड़ा थी और वो लीड एक्ट्रेस का किरदार निभाने वाली थीं लेकिन फिल्म की शूटिंग शुरू होने के महज कुछ ही दिन पहले प्रियंका चोपड़ा ने इस फिल्म को छोड़ दिया और फिर आनन-फानन में इस फिल्म में कैटरीना कैफ की एंट्री हो गई।कैटरीना और सलमान की जोड़ी दर्शकों को हमेशा ही रास आती है। इन दोनों को इससे पहले हम ‘टाइगर जिंदा है’, ‘एक था टाइगर’, ‘पार्टनर’ ‘युवराज’ और ‘मैंने प्यार क्यों किया’ जैसी फिल्मों में साथ देख चुके है। ‘युवराज’ को छोड़ इन दोनों की बाकी सभी फिल्में दर्शकों को खूब पसंद आई थी और दोनों की केमिस्ट्री भी फैंस को अच्छी लगती है। ऐसे में एक बार फिर हम इन दोनों को एक साथ फिल्म ‘भारत’ में देखने वाले हैं।इस फिल्म की शूटिंग का एक शिड्यूल मुंबई में खत्म हो चुका है और दूसरे शिड्यूल के लिए टीम इस वक्त माल्टा में मौजूद है। यहां कैटरीना और सलमान खान के अलावा ग्रेट कॉमेडियन सुनील ग्रोवर भी पहुंचे हुए हैं। बता दें कि सुनील ग्रोवर भी फिल्म में एक अहम रोल निभाने वाले हैं। इन तीनों कलाकारों के अलावा फिल्म में ‘बागी’ गर्ल दिशा पाटनी, ‘दिलबर’ फेम नोरा फतेही भी अहम किरदार निभाने वाली है। ये फिल्म अगले साल 2019 की ईद पर रिलीज की जाएगी।