सोलन जिला में गत दो दिनों से हो रही भारी वर्षा के कारण हो रहे भूस्खलन, मलबा गिरने तथा मकान ढहने से अभी तक 7 व्यक्तियों की मृत्यु होने का समाचार है। एक 12 वर्षीय बच्चे की खोजबीन की जा रही है। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कंडाघाट उपमंडल के कुरगल के समीप चाकल ग्राम में मकान ढहने से 4 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है। इनमें 32 वर्षीय देवेंद्र पुत्र रूपराम, उनकी पत्नी 28 वर्षीय मीना देवी तथा दो बच्चे 6 वर्षीय आदित्य एवं 3 वर्षीय हर्षिता हैं। जिला प्रशासन द्वारा फौरी राहत के रूप में मृतकों के परिजनों को 20 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। कसौली क्षेत्र के गड़खल के नाहरी के समीप दीपक पुत्र मटरू की मृत्यु होने का समाचार है। मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के रूप में 15 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। सोलन उपमंडल की ग्राम पंचायत जाबली के दतियार के समीप रानी गांव में 12 वर्षीय हिमांशु पुत्र माया दत्त के स्थानीय खड्ड में बहने का समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव दल द्वारा हिमांशु की खोजबीन जारी है। नालागढ़ उपमंडल में 12 अगस्त 2018 को बरोटीवाला स्थित यूको बैंक के समीप झुग्गी की दीवार ढहने से श्रमिक 38 वर्षीय राजू एवं 4 वर्षीय राहुल की मृत्यु का समाचार है। एक श्रमिक शारदा को घायल अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। ये सभी श्रमिक मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 20 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।
गत रात्रि से जारी भारी वर्षा के कारण सोलन जिले के 83 मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं। लोक निर्माण विभाग को लगभग 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इनमें 19 मार्ग सोलन मंडल, 14 मार्ग कसौली मंडल, 25 मार्ग अर्की मंडल तथा 25 मार्ग नालागढ़ मंडल बाधित हैं। समाचार लिखे जाने तक नालागढ़-स्वारघाट राष्ट्रीय राजमार्ग चिकनी पुल के समीप बाधित है। सोलन-परवाणु राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुला है।
भारी वर्षा के दृष्टिगत जिले की विभिन्न पेयजल योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं को हुआ नुकसान लगभग 2.36 करोड़ रुपये आंका गया है। जिले की 33 सिंचाई एवं ग्रामीण जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. संजीव धीमान से प्राप्त सूचना के अनुसार उपमंडल में हुई वर्षा से व्यापक नुकसान हुआ है। साधुपुल में भारी वर्षा के कारण साधुपुल-चायल मार्ग पर स्थित पुल को नुकसान पहुंचाा है। इस मार्ग पर यातायात सुचारू होने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
उपमंडलाधिकारी सोलन रोहित राठौर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन उपमंडल में एक मकान तथा गौशाला को नुकसान पहुंचा है।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल में हुई भारी वर्षा के कारण 20 मकानों तथा 21 गौशालाओं को नुकसान हुआ है। मकानों तथा गौशालाओं को लगभग 25 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। उपमंडलाधिकारी अर्की छवि नांटा से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल में मकानांे तथा गौशालाओं को लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने सभी उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्षा के मौसम के दृष्टिगत पूरी एहतियात बरती जाए तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत, बचाव एवं पुनर्वास सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों को खुला रखा जाए।