उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन चार दिवसीय दौरे के लिए चीन पहुंच गए हैं. बीते कुछ दिनों से ये खबर उत्तर कोरियाई मीडिया में छाई हुई थी जिसकी पुष्टि मंगलवार को हो गई.
ये दौरा इन अटकलों के बीच हो रहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ संभावित शिखर वार्ता से पहले किम चीन के साथ अपना रुख समन्वित करने की कोशिश कर सकते हैं.
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के आमंत्रण पर किम अपनी पत्नी और शीर्ष अधिकारियों के साथ चीन पहुंचे हैं. बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तरी कोरिया के नेता और उनका शिष्टमंडल विशेष ट्रेन से बीजिंग पहुंचा है.
माना जा रहा है कि ट्रम्प और किम के बीच दूसरी शिखर वार्ता के स्थल पर चर्चा के लिए अमेरिका और उत्तर कोरियाई अधिकारियों ने वियतनाम में मुलाक़ात की थी. किम पिछले साल तीन बार चीन दौर पर गए थे.