लिब्रेविले। मध्य अफ्रीकी देश गेबोन के सैनिकों ने सोमवार
तड़के सरकारी रेडियो स्टेशन पर कब्जा कर लिया। उन्होंने राष्ट्रपति अली
बोंगो से असहमति का एलान किया है। इस कदम को तख्तापलट के प्रयास के तौर पर
देखा जा रहा है। बोंगो इस समय मोरक्को में अपना इलाज करा रहे हैं। उन्हें
गत अक्टूबर में स्ट्रोक आया था।
सैनिकों ने राष्ट्रपति अली बोंगो से असहमति का किया एलान:-सैनिकों
की अगुआई करने वाले लेफ्टिनेंट केली ओंडो ओबियांग ने कहा, ‘नए साल के
संबोधन में बोंगा बतौर राष्ट्रपति अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी जारी रखने
पर संदेह जाहिर कर चुके हैं।’ खुद को गेबोन के सुरक्षा बलों के स्वघोषित
देशभक्ति आंदोलन का अगुआ बताने वाले केली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर
वायरल हुआ है। इसमें वह रेडियो स्टेशन में सैन्य वर्दी में बयान पढ़ते
दिखाई दे रहे हैं। उनके इस बयान का प्रसारण स्थानीय समयानुसार तड़के साढ़े
चार बजे किया गया।उन्होंने कहा, ‘उन लोगों के खिलाफ यह तख्तापलट किया जा
रहा है जिन्होंने कायराना तरीके से हमारे युवा देशवासियों की 31 अगस्त,
2016 की रात हत्या कर दी थी।’ केली की इस टिप्पणी को उस विवादित चुनाव के
बाद हुई भड़की हिंसा के तौर पर देखा जा रहा है जब बोंगा ने खुद को विजेता
घोषित किया था। इस हिंसा में बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे।सैनिकों के इस
कदम पर राष्ट्रपति भवन की ओर से कोई बयान नहीं आया है। सूत्रों का कहना है
कि सरकारी टेलीविजन स्टेशन के आसपास गोलियों के चलने की आवाज सुनाई दी
हैं। वहां भी कुछ सैनिक पहुंचे थे।