कहा… गरीबों-वंचितों के जीवनस्तर में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध
पालमपुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने सोमवार को सुलह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ के केदारा में आयोजित जन मंच कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं का निपटारा किया। इस मौके उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब, वंचित लोगों के जीवनस्तर में सुधार के लिए अनेक नई योजनाएं चलाई हैं और इनका प्रभावी कार्यान्वयन तय बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना के तहत, जिसे लोग ‘मोदी केयर’ के रुप में भी जानते हैं, पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष इलाज के लिए 5-5 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। इस योजना से देश के 10 करोड़ परिवारों और 50 करोड़ से अधिक लोगों को फायदा होगा।
परमार ने कहा कि सरकार ने लोगों को किफायती, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल सेवा मुहैया कराने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। चिकित्सा शिक्षा, पराचिकित्सीय शिक्षा, नर्सिंग और फार्मेसी शिक्षा पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा 108 कंपनी द्वारा आरंभ की गई थी, जिसमें जरूरतमंद लोगों को आपातकालीन स्थिति में निशुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध करवाई जा रही थी। लेकिन पिछले कुछ समय से स्टाफ को वेतन ओवरटाइम और लेट पहुंचने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस कंपनी के संचालकों को राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा का शीघ्र सही तरीके से संचालन सुनिश्चत बनाने के निर्देश दिए गए हैं ।
उन्हांेने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पठानकोट-मंडी भारी बरसात के चलते क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसे शीघ्र ठीक करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कहा गया है।
स्वास्यि मंत्री ने कहा कि पालमपुर अपने आप में महत्वपूर्ण नगर है और पालमपुर को नगर निगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने होली महोत्सव के दौरान इसकी संभावनाओं को तलाशने के दिशा निर्देश जारी किए थे।यदि नगर परिषद तथा इसके आसपास लगती पंचायतें इसमें शामिल होना चाहेंगी तो यह मामला प्रमुखता के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए कटिबद्ध है और इस दिशा में समर्पण भाव से कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने जनसरोकार को प्राथमिकता देते हुए जनमंच के रूप में एक नई पहल की है। जनमंच कार्यक्रम के तहत समग्र दृष्टिकोण के साथ प्रयास करते हुए आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं स्थाई समाधान तय किया जा रहा है। लोग इस कार्यक्रम को लेकर खासे उत्साहित हैं और इसका भरपूर लाभ ले रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत घरद्वार पर लोगों की समस्याएं सुलझाने के साथ ही विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के समर्पित प्रयास किए जा रहे हैं।
इससे पहले, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने धर्मपत्नी शर्मीला परमार के साथ क्षेत्र के जाहरवीर गोगा मंदिर में पूजा अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात उन्होंने समाना क्षेत्र में राधाकृष्ण मंदिर में मूर्ति स्थापना समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर भाजपा सुलह मंडल के अध्यक्ष कैप्टन देशराज शर्मा, महामंत्री सुखदेव मसंद, महामंत्री चंद्रवीर, एसडीएम पालमपुर पंकज शर्मा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।