भारत

भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन

भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में ली अंतिम सांस। पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ आज अंतिम संस्कार। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया गहरा शोक।भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का कल देर शाम दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वे 67 वर्ष की थीं। एम्स के मुताबिक सुषमा स्वराज को रात 10 बजकर 15 मिनट पर अस्पताल लाया गया। उन्हें सीधे आपातकालीन वॉर्ड में ले जाया गया। पिछले कुछ समय से वो बीमार थीं। 2016 में उनके गुर्दे का प्रत्यारोपण किया गया था।सात बार सांसद रहीं सुषमा स्वराज न सिर्फ आम जीवन में बल्कि सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव और आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थीं। वह दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी थीं। मोदी सरकार में विदेश मंत्री बनने से पहले अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में वो सूचना एवं प्रसारण मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री थीं। पिछले ही साल सुषमा स्वराज ने 2019 का चुनाव नहीं लड़ने का ऐलना किया था। सुषमा ने सबसे पहला चुनाव 1977 में लड़ा। तब वे 25 साल की थीं। वे हरियाणा की अंबाला सीट से चुनाव जीतकर देश की सबसे युवा विधायक बनीं।आज दोपहर 12 बजे उनके पार्थिव शरीर को भाजपा मुख्यालय लाया गया। दोपहर 3 बजे पार्थिव शरीर को लोधी रोड ले जाया जाएगा, जहां उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गहरा दुख जताया और कहा कि देश ने अपनी एक अत्यंत प्रिय बेटी खोई है। राष्ट्रपति कोविन्द ने लिखा “सुषमा जी सार्वजनिक जीवन में गरिमा, साहस और निष्ठा की प्रतिमूर्ति थीं। लोगों की सहायता के लिए वे हमेशा तत्पर रहती थीं। उनकी सेवाओं के लिए सभी भारतीय उन्हें सदैव याद रखेंगे।”सुषमा स्वराज के निधन पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने गहरा दुख जताया और कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ नेता, प्रखर सांसद श्रीमती सुषमा स्वराज जी के असामयिक निधन से स्तब्ध हूं। उन्होंने कहा कि देश ने आज एक ओजस्वी नेता और मैने एक निकट सहयोगी खो दिया है। नि: शब्द हूं। ईश्वर पुण्य गतात्मा को आशीर्वाद दें। उनके शोकाकुल परिजनों और सहयोगियों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि भारतीय राजनीति के एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा…’भारतीय राजनीति में एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया है। भारत एक असाधारण नेता के निधन से शोकसंतप्त है, जिन्होंने जनसेवा और निर्धनों के जीवन में सुधार के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। सुषमा स्वराज जी अपने आप में अलग थीं और करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत थीं।’

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

fourteen − twelve =

Most Popular

To Top