शहीद ऊधम सिंह यादगार एक वर्ष के अंदर होगी मुकम्मल-चरनजीत सिंह चन्नी
चंडीगढ़ – पंजाब सरकार द्वारा सुनाम-बठिंडा हाईवे पर करीब 4 एकड़ क्षेत्रफल में बनाए जाने वाले शहीद ऊधम सिंह यादगार के निर्माण कार्यों की औपचारिक तौर पर शुरुआत करवाते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री स. चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि यह यादगार एक वर्ष के अंदर-अंदर मुकम्मल होगी। आज सुनाम ऊधम सिंह वाला में शहीद ऊधम सिंह के 80वें शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय श्रद्धाँजलि समारोह में मुख्य मेहमान के तौर पर शामिल हुए कैबिनेट मंत्री स. चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिन्दर सिंह के नेतृत्व अधीन पंजाब सरकार द्वारा शहीद ऊधम सिंह जी की महान शहादत के प्रति नतमस्तक होते हुए करीब 2.64 करोड़ रुपए की लागत से तैयार करवाई जाने वाली शहादत यादगार की रूप रेखा और डिज़ाइन चीफ़ आर्कीटैक्ट पंजाब द्वारा तैयार किया गया है और इसमें शहीद उधम सिंह जी की प्रतिमा, ओपन एयर थिएटर, लैंडस्केपिंग, चारदीवारी समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इसके उपरांत नई अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय श्रद्धाँजलि समारोह के मौके पर भारी जलसे को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री चन्नी ने कहा कि देश, राष्ट्र, गरीबों, पीडि़त लोगों के लिए जान कुर्बान करने वाले शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और लोग ऐसे देशभक्तों को रहती दुनिया तक याद रखते हैं। उन्होंने कहा कि जिन सूरमों ने देश की आज़ादी के लिए शहादतें दी और आज़ादी का आधार बने उन देशभक्तों और सूरमों को शाश्वत याद रखा जायेगा। कैबिनेट मंत्री श्री चन्नी ने शहीद ऊधम सिंह जी की तस्वीर पर फूल माला भेंट करते हुए कहा कि वह सुनाम की इस पवित्र धरती को प्रणाम करते हैं, जहाँ देश की आज़ादी में बड़ा योगदान डालने वाले योद्धा ने जन्म लिया। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह जी क्रांतिकारी और प्रगतिशील सोच के मालिक थे, जिन्होंने छोटी उम्र में अंग्रेज़ हुकूमत से लोहा लेते हुए शहादत दी।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछली अकाली भाजपा सरकार ने राजसी लाभ लेने के लिए अनेकों कार्यों के नींव पत्थर रख कर राज्य की आर्थिक स्थिति को खऱाब किया और किसी भी कार्य को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य को आर्थिक संकट में से निकाल कर सुमचे विकास कार्यों को पटरी पर लाई है और आर्थिक पक्ष से राज्य के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।समारोह के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान श्री रजिन्दर सिंह राजा ने शहीद ऊधम सिंह जी को श्रद्धा सुमन भेंट करते हुए कहा कि शहीद ऊधम सिंह जैसे महान योद्धाओं की बलिदानों से सीख लेने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि बच्चों और नौजवान पीढ़ी में देशभक्ति का जज़्बा पैदा करके महान शहीदों की देन को हमेशा सजदा करने की ज़रूरत है।इसके उपरांत पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता और सीनियर कांग्रेसी नेता श्रीमती दामन थिंद बाजवा ने शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धाँजलि भेंट करते हुए शहीद उधम सिंह जी की यादगार के निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिन्दर सिंह और कैबिनेट मंत्री श्री चन्नी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सुनाम निवासियों को गर्व है कि वह शहीद ऊधम सिंह जी जैसे महान सूरमे के शहर और इलाके के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहीद की याद में सुनाम में यादगार का काम शुरू करवाना शहीदों को सच्ची श्रद्धाँजलि है और इस यादगार के बनने के साथ हमारी आने वाली पीढिय़ां देश के गौरवमई इतिहास से अवगत होंगी।इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्री चन्नी द्वारा शहीद ऊधम सिंह के पारिवारिक सदस्यों को सम्मानित करने की रस्म भी अदा की गई। बाद में नगर कौंसिल सुनाम के कार्यकारी प्रधान कोमल कांसल, घनश्याम कांसल समेत अन्य समाज सेवियों द्वारा मुख्य मेहमान श्री चन्नी को सम्मानित किया गया।इससे पहले श्री चन्नी ने स्पोटर्स स्टेडियम में स्थित शहीद ऊधम सिंह जी के शहादत स्मारक में रीथ अर्पित करके शहीद को श्रद्धाँजलि भेंट की। उन्होंने इस दौरान लाईनज़ क्लब द्वारा आयोजित खूनदान कैंप का उद्घाटन किया और खूनदान करने वालों को सम्मानित किया।समारोह के दौरान विकास प्रताप, प्रिंसीपल सचिव सांस्कृतिक मामले विभाग, मालविन्दर सिंह जग्गी डायरैक्टर सांस्कृतिक मामले विभाग, मास्टर अजैब सिंह रटौलां सीनियर नेता, हरमन बाजवा, बलवंत सिंह शेरगिल्ल, डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी, एस.एस.पी डा. सन्दीप गर्ग, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राजेश त्रिपाठी, एस.डी.एम सुनाम मनजीत कौर समेत बड़ी संख्या में शहरों और गाँवों के निवासियों द्वारा शहीद उधम सिंह जी को गरिमापूर्ण श्रद्धाँजलि भेंट की गई।