कांग्रेसी नेता ने अकाली दल को अमित शाह से पहले केंद्रीय मंत्री हरसिमरत बादल को मिलने की दी नसीहत
चंडीगढ़ – बरगाड़ी मामले में सी.बी.आई. द्वारा दायर की गई क्लोजऱ रिपोर्ट पर अकाली दल द्वारा की जा रही राजनीति पर अकाली दल को आड़े हाथों लेते हुए सीनियर कांग्रेसी नेता और कैबिनेट मंत्री स. सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा है कि सुखबीर सिंह बादल कोर कमेटी की बजाय केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल केंद्रीय कैबिनेट में से सी.बी.आई. की क्लोजऱ रिपोर्ट वापस करवाने के लिए प्रयास करें।स. रंधावा ने कहा कि अकाली दल अपना राजनैतिक नाटक बंद करके हकीकत में कारगर कदम उठाए। उन्होंने कहा कि यदि अकाली दल सच्चे दिल से ही सी.बी.आई. की क्लोजऱ रिपोर्ट को वापस करवाने के लिए वचनबद्ध हैं तो अपनी पत्नी और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के द्वारा केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश क्यों नहीं कर रहे हैं। अकाली दल द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मिलने के फ़ैसले पर कांग्रेसी नेता ने सुखबीर बादल को नसीहत देते हुए कहा कि बेहतर होगा कि वह गृह मंत्री को मिलने से पहले हरसिमरत कौर बादल को ही मिलकर अपील करें क्योंकि जिस केंद्रीय कैबिनेट में अमित शाह मंत्री हैं, उसी में हरमिसरत बादल उनकी कलीग मंत्री है।स. रंधावा ने कहा कि यदि फिर भी अकाली दल की केंद्र सरकार में सुनवाई नहीं होती तो हरसिमरत कौर बादल से इस्तीफ़ा दिला कर केंद्रीय सत्ता में से बाहर हो जाएँ। उन्होंने कहा कि बादल परिवार का इतिहास रहा है कि उसने पंजाब और सिखों के मुद्दों को तिलांजलि देकर हमेशा ही भाजपा का पक्ष लिया है और इस मामले में भी अकाली दल से कोई आशा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि अकाली दल की चालाकियों से सिख कौम पूरी तरह वाकिफ़ है और इस बार भी वह अकाली दल के खोखले बहानों में नहीं आएंगे और उनके द्वारा बहाए जा रहे मगरमच्छ के आसुओं का कोई प्रभाव नहीं होगा।