चंडीगढ़ – पंजाब विजीलैंस ब्यूरो द्वारा आज पंजाब वकफ़ बोर्ड जालंधर के कार्यालय में तैनात तीन कर्मचारियों को 35,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ़्तार किया है।इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि विजीलैंस ब्यूरो द्वारा पंजाब वकफ़ बोर्ड जालंधर के कार्यालय में तैनात एस्टेट अधिकारी अली हसन, मोहम्मद यासीन क्लर्क और मुहम्मद यूसुफ सेवादार को शिकायतकर्ता मोहन लाल निवासी सुंदर नगर, जालंधर की शिकायत पर 35,000 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ़्तार कर लिया।इस सम्बन्धी शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो को अपनी शिकायत में दोष लगाया कि पंजाब वकफ़ बोर्ड द्वारा उसे लीज़ पर अलॉट किये गए प्लॉट के बकाया पड़े किराये को सैटल करने के बदले 40,000 रुपए की माँग की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके द्वारा पहले ही 5,000 रुपए रिश्वत के तौर पर उक्त दोषियों को अदा किये जा चुके हैं। विजीलैंस द्वारा शिकायत की जांच के उपरांत उक्त तीनों दोषियों को दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में 35,000 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत जालंधर स्थित विजीलैंस ब्यूरो के थाने में मुकदमा दर्ज करके अगली कार्यवाही आरंभ कर दी गई है।