भाजपा और अकाली दल का सिख विरोधी चेहरा हुआ उजागर
चंडीगढ़ – पंजाब के सीनियर कांग्रेसी नेता और कैबिनेट मंत्री स. सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने मोदी सरकार द्वारा आज पेश किये गए बजट में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित समारोहों को पूरी तरह अनदेखा किये जाने के लिए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए इसको समूची सिख कौम के लिए विश्वासघात बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में 550वें प्रकाश पर्व का जि़क्र तक न करके 13 करोड़ ‘नानक नाम लेवा’ संगत के हृदय छलनी कर दिए। आज यहाँ जारी प्रैस बयान में स. रंधावा ने कहा कि केंद्र सरकार में सहयोगी अकाली दल के नेता इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि संसद में बजट भाषण सुनते हुए केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को शर्म क्यों न आई। उन्होंने कहा कि यह बजट सिख कौम के साथ-साथ पंजाब विरोधी भी हैं क्योंकि इस साल नवंबर महीने मनाए जा रहे पहले पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के लिए पूरा पंजाब और देश-विदेश में बसती सिख कौम पूरी तरह तैयार है।स. रंधावा ने कहा कि आज के बजट से एक बार फिर भाजपा और अकाली दल का सिख विरोधी चेहरा उजागर हो गया है जिसको सिख कौम कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि अकाली दल सचमुच सिख हितैषी है तो पदों का लालच त्याग कर भाजपा के साथ अपना नाता तोड़े।