पंजाब

किसान अपने खेतों में पौधे लगाने के लिए 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता का लाभ लें-साधु सिंह धर्मसोत

चंडीगढ़ – पंजाब सरकार द्वारा किसानों को खेतों में पौधे लगाने के लिए 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता दी जा रही है। जो किसान अपने खेतों में पौधे लगाएंगे, वह इस स्कीम के अधीन लाभ लेने के हकदार होंगे।पंजाब के वन मंत्री स. साधु सिंह धर्मसोत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा ‘सबमिशन ऑन ऐग्रोफॉरैस्ट्री’ स्कीम के अंतर्गत वन अधीन क्षेत्रफल को बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य के किसानों को 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता (सब्सिडी) मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान अपने खेतों में पहले से निर्धारित लागत ख़र्च के अनुसार पौधे लगाकर 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता हासिल कर सकते हैं।स. धर्मसोत ने बताया कि इस स्कीम के अंतर्गत किसानों को उनके द्वारा अपने खेतों में लगाए सजीव पौधों की संख्या के आधार पर 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता दी जायेगी, जोकि उनके आधार नंबर से लिंक हुए बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की जायेगी। उन्होंने बताया कि यह वित्तीय सहायता चार सालों के समय के दौरान 40:20:20:20 के अनुपात के अनुसार दी जायेगी। उन्होंने बताया कि यह स्कीम राज्य के 12,581 गाँवों में लागू की गई है।स. धर्मसोत ने बताया कि पंजाब राज्य एग्रोफॉरैस्ट्री में देशभर में अव्वल राज्य है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा 2018-2019 के दौरान ‘सबमिशन ऑन एग्रोफॉरैस्ट्री’ स्कीम के अंतर्गत राज्य के 3389 किसानों को 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता मुहैया करवाई जा चुकी है और इस दौरान 5270.55 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 3529520 पौधे लगाने पर 292.21 लाख रुपए की वित्तीय सहायता दी गई है।स. धर्मसोत ने आगे बताया कि राज्य सरकार वनों के अधीन क्षेत्रफल को बढ़ाने के लिए विभिन्न स्कीमों के अंतर्गत लगातार कार्य कर रही है जिससे आने वाले सालों के दौरान इस उद्देश्य की प्राप्ति की जा सके। उन्होंने राज्य के लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी संभाल करने की अपील करते हुए कहा कि वह अपनी ज़रूरत और निर्धारित जगह के अनुसार अपनी नज़दीकी सरकारी नर्सरी से मुफ़्त पौधे प्राप्त कर सकते हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

four × 3 =

Most Popular

To Top