स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा आज इस प्रोग्राम के दूसरे पड़ाव की शुरूआत
चंडीगढ़ – पंजाब राज्यभर के जि़ला अस्पतालों में मैडीकल और सर्जीकल यूनिटों में भर्ती हुए मरीज़ों के लिए केयर कम्पेनियन प्रोग्राम शुरू करने वाला पहला राज्य बन गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री बलबीर सिंह सिद्धू ने इस प्रोग्राम के दूसरे पड़ाव की आज होटल माऊंटव्यू, चंडीगढ़ में शुरुआत की।अपने भाषण में श्री सिद्धू ने कहा कि इस प्रोग्राम द्वारा मैडीकल और सर्जीकल मरीज़ों के रिश्तेदारों को प्रशिक्षण दिया जाता है कि वह अस्पतालों में रहते हुए अपने परिजनों की देखभाल कैसे कर सकते हैं जिससे मरीज़ों को अस्पताल से घर जाकर भी बढिय़ा नतीजे मिल सकें। इससे पौष्टिक खुराक, कसरत, सफ़ाई जैसे स्वस्थ व्यवहार की बढिय़ा आदत बनेगी और साथ ही मरीज़ को छुट्टी मिलने के उपरांत आने वाली मुश्किलें भी घटेंगी।श्री सिद्धू ने कहा कि इस साधारण परन्तु प्रभावशाली प्रोग्राम की सफलता को देखते हुए मरीज़ों के इलाज के मद्देनजऱ इस प्रोग्राम का विस्तार राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी किया जा रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पंजाब ने राज्यभर के जि़ला अस्पतालों के सभी मैडीकल और सर्जीकल केयर यूनिटों में इस प्रोग्राम को शुरू करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल के लिए देश का अगुआ राज्य बनते हुए पंजाब द्वारा एक साधारण प्रोग्राम के माध्यम से मरीज़ों के परिवारों को स्वास्थ्य सुधार और ईलाज का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि मरीज़ को घर जाकर भी इलाज की हर तरह की स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी मिल सके। श्री अमित कुमार, स्वास्थ्य और मिशन डायरैक्टर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पंजाब ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य मरीज़ के परिवार को विशेष प्रशिक्षण देकर मरीज़ की सेहत में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि यह विशेष प्रोग्राम जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य अधीन 2017 में शुरू किया गया था और इसकी सफलता को देखते हुए सितम्बर, 2018 में इसको राज्य के सभी जिलों में लागू किया गया। अब तक इस प्रोग्राम अधीन 60,000 पारिवारिक सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रोग्राम के बहुत प्रभावशाली नतीजे सामने आए हैं और इसके साथ ही घर में किये जाने वाले ईलाज सम्बन्धी व्यवहार में भी तबदीली आई है और इलाज के उपरांत आने वाली मुश्किलों में भी बहुत गिरावट आई है।डॉ. बलजीत कौर, राज्य प्रोग्राम अधिकारी, केयर कम्पैनियन प्रोग्राम ने बताया कि यह प्रोग्राम पंजाब सरकार का प्रयास है जोकि नूरा हैल्थ और योज-ऐड इनोवेशन फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग से चलाया जा रहा है। इस मीटिंग में डॉ. जसपाल कौर, स्वास्थ्य सेवाएं, डॉ. शाहद आलम, अध्यक्ष एवं सह-संस्थापक नूरा हैल्थ और योज-ऐड इनोवेशन फाउंडेशन के श्री आनन्द कुमार भी उपस्थित थे।