ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने शुक्रवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित दो दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा वक्त में अमेरिका की कार्रवाईयां क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के लिए गंभीर खतरा हैं।रूहानी ने कहा कि अमेरिकी सरकार बीते दो वर्षों से सभी अंतर्राष्ट्रीय संरचनाओं और नियमों का उल्लंघन करते हुए अपने आर्थिक, वित्तीय और सैन्य संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए आक्रामक रुख अपनाया है। अमेरिका ने इस क्षेत्र और दुनिया में स्थिरता के लिए एक गंभीर खतरा पैदा किया है।बता दें कि ओमान की खाड़ी में दो तेल टैंकरों पर गुरुवार को एक संदिग्ध हमले के बाद अमेरिका ने इसके लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया था। इन टैंकरों पर उसी क्षेत्र में हमला किया गया, जहां पिछले हफ्ते और चार अन्य तेल जहाजों पर हमला किया गया था। हालांकि ईरान ने इन हमलों में अपना हाथ होने से इनकार किया था।पिछले महीने 12 मई को यूएई के फुजैरा बंदरगाह से कुछ दूर समुद्र में खड़े चार तैल टैंकरों पर भी हमले किए गए थे। इसमें दो टैंकर सऊदी अरब के थे। अमेरिका ने इन हमलों के पीछे ईरान का हाथ होने की आशंका जताई थी। बता दें कि तेल टैंकरों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच आरोप प्रत्यारोपों के कारण क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है।