ईश्वर का किया धन्यवाद; छबील में की सेवा
चंडीगढ़ – पंजाब के नव नियुक्त स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और श्रम मंत्री स. बलबीर सिंह सिद्धू आज श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहादत दिवस पर यहाँ गुरुद्वारा नानकसर सैक्टर 28 चण्डीगढ़ में नतमस्तक हुए। गुरूद्वारे के मुख्य सेवक बाबा गुरदेव सिंह ने उनको सिरोपा भेंट किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ के भोग डाले गए और छबील लगाई गई, जिसमें स. सिद्धू ने सेवा भी की। गुरूद्वारे में नतमस्तक होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक ओर जहाँ उन्होंने नया पद मिलने पर परमात्मा का धन्यवाद किया है, वहीं समूची मानवता के भले के लिए प्रार्थना भी की। इस दौरान स. सिद्धू के राजनैतिक सचिव हरकेश चंद शर्मा मछली, गुरशरन सिंह रियाड़, मास्टर गुरचरन सिंह, दर्शन सिंह धालीवाल और बलजीत सिंह उपस्थित थे।