आईपीएल 12 के पहले फाइनलिस्ट का आज होगा फैसला। पहले क्वालीफायर में चेन्नई सुपरकिंग्स का सामना घरेलू मैदान पर मुंबई इंडियंस से।
आईपीएल के इतिहास की 2 सबसे सफल टीमों के बीच आज रात प्रतियोगिता के 12 वें संस्करण के फाइनल में पहुंचने की जंग होगी। आईपीएल 2019 के पहले क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होना है।मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। मुंबई ने जहां इस सीजन में खेले गए कुल 14 लीग मैचों में 9 जीत के साथ अंकतालिका में पहले स्थान पर हैं। वहीं अगर चेन्नई की बात की जाए तो इस सीजन के कुल 14 मैचों में 9 जीत और 5 हार के साथ प्वाइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। इस मैच को जीतने वाली टीम को सीधे फाइनल में जगह मिलेगी, लेकिन हारने वाली टीम का भी सफर खत्म नहीं होगा। उसे क्वालीफायर-2 में एलिमिनेटर मैच जीतने वाली टीम से भिड़ने का मौका मिलेगा।