आईपीएल में 6 लगातार हार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खत्म जीत का सूखा किया। किंग्स इलेवन पंजाब को 8 विकेट से हराकर की जीत हासिल ।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में पहली जीत हासिल कर ली है। आरसीबी ने शनिवार को खेले गए मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब को 8 विकेट से हराया। बैंगलोर की टीम इससे पहले 6 मुकाबले हार चुकी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन ने 174 रन का लक्ष्य रखा। आरसीबी ने कप्तान कोहली और डिविलियर्स के शानदार अर्धशतक की मदद से 19.2 ओवर में 2 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पार्थिव पटेल 9 गेंदों पर 19 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद तीसरे नंबर पर आए डिविलियर्स ने कप्तान कोहली के साथ मिलकर तेजी से रन बनाए। दोनो बल्लेबाजो ने पावरप्ले में एक विकेट पर 63 रन बनाए। कोहली ने 53 गेंदों पर 67 और डिविलियर्स ने 38 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की। अंत के ओवरो में मार्कस स्टोइनिस ने 16 गेंदों पर नाबाद 28 रन की पारी खेल कर टीम को जीत दिला दी।इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 173 रन बनाए। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल दुर्भाग्यशाली रहे और केवल एक रन से शतक से चूक गए। गेल ने 64 गेंदों पर नाबाद 99 रन बनाए । अपनी पारी के दौरान उन्होने दस चौके और पांच छक्के लगाए। उनके अलावा किंग्स इलेवन का कोई भी अन्य बल्लेबाज 20 रन तक नहीं पहुंच पाया। पंजाब की यह आठ मैचों में चौथी हार है जबकि बैंगलोर की सात मैचों में पहली जीत।