खेल

विश्व ख़िताब की रक्षा के लिए तैयार है ऑस्ट्रेलिया

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के 12वें संस्करण के शुरू होने में अब ज्यादा समय नही बचा है। प्रतियोगिता का आयोजन 30 मई से 14 जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। विश्व कप से पहले मौजूदा चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमो को चेतावनी दे दी है।कुछ समय पहले विश्व क्रिकेट में अपने खराब प्रदर्शन के कारण आलोचनाओं का शिकार बनने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम पिछले एक महीने में जोरदार प्रदर्शन करके एक बार फिर खिताब की रेस में नज़र आने लगी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 2019 की शुरूआत भले ही निराशाजनक रही हो लेकिन विश्व कप के करीब आने से पहले टीम ने ने खुद को खिताबी रेस की अग्रिम पंक्ति में खड़ा कर लिया है। पिछले 2 महीनों में कंगारूओं ने पहले भारत को भारत में हराकर वनडे सीरीज़ अपने नाम की । इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अबुधाबी में पाकिस्तान को हराकर विश्व कप में भाग ले रही सभी टीमों को चेतावनी दे दी है।भारत और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज़ से पहले पिछले 15 महीनों में ऑस्ट्रेलिया को 18 वनडे मैचो में से सिर्फ 3 में जीत हासिल हुई थी। हालांकि एरॉन फिंच की कप्तानी में 2015 की विश्व चैंपियन टीम ने भारत के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद विराट कोहली की अगुआई वाली मज़बूत टीम को 3-2 से हराया । 2009 के बाद टीम की भारत में ये पहली वनडे सीरीज जीत है। ऑस्ट्रेलिया ने इसके बाद यूएई में पाकिस्तान का 5-0 से क्लीनस्वीप किया।
पिछले साल टीम के 2 प्रमुख खिलाड़ी कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर के गेंद से छेड़छाड़ के मामले में क्रिकेट से निलंबन के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरी तरह दबाव में दिखाई दी। टीम को घरेलू और विदेशी सरज़मी पर लगातार हार का सामना करना पड़ा। कंगारूओ को 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में 5-0 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद नवंबर में दक्षिण अफ्रिका ने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया। वही भारत के हाथों टीम को अपने ही घर में 2-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
वार्नर और स्मिथ के बगैर खेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाड़ियो का प्रदर्शन पिछले 2 सीरीज से शानदार रहा है। टीम पूरी तरह से संतुलित नजर आ रही है। पिछले कुछ महीनों से फार्म की तलाश में लगे कप्तान फिंच अब अपने फॉर्म में वापस आ चुके हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ दो लगातार शतक और 2 अर्धशतक भी लगाए है। फिंच के साथ सलामी बल्लेबाज़ की भूमिका निभा रहे उस्मान ख्वाजा भी लगातार अच्छे फॉर्म में दिख रहे हैं। भारत के खिलाफ सीरीज में उन्होने 2 शतक लगा कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई वही पाकिस्तान के खिलाफ 3 अर्धशतक लगाया। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने पाकिस्तान के खिलाफ 4 मैचों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 258 रन बनाए थे, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल था। उन्होंने भारत के खिलाफ भी कई अच्छी पारियां खेली थी और टी20 सीरीज में अपना तीसरा अन्तर्राष्ट्रीय शतक भी जड़ा था। इसके अलावा मध्यक्रम में पीटर हैंड्सकॉम्ब भी लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे है। एक अन्य ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस भी बल्ले और गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन करके ऑस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य खिलाड़ी बन चुके है। गेंदबाजी में युवा स्पिनर एडम जंपा ऑस्ट्रेलिया के सबसे अच्छे गेंदबाज बन कर उभरे है। उन्होंने भारत के खिलाफ उसी की सरजमीं पर 5 मैचों में कुल 11 विकेट लिए थे। जबकि पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों में कुल 7 विकेट लिए थे। इसके अलावा मिशेल स्टार्क , जोश हेज़लवुड के साथ युवा गेंदबाज़ पैट कमिंस को खेलने किसी भी देश के लिए आसान नही रहने वाला है। सलामी बल्लेबाज़ डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ के उपर लगा बैन अब खत्म हो चुका है और वो ऑस्ट्रेलिया की टीम से जुड़ने के लिए तैयार दिखाई दे रहे हैं। ये दोनो खिलाड़ी इस समय इंडियन प्रीमियर लीग में खेल रहे है। वार्नर ने आईपीएल के शुरुआती 3 मैचो में तूफानी बल्लेबाजी की है। इस दौरान उन्होने शतक लगाकर विश्व कप की टीम के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। ऐसे में वार्नर और स्मिथ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी और पिछले कुछ समय में किए गए शानदार प्रदर्शन के बाद कह सकते है कि 5 बार की ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने खिताब की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार दिखाई दे रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

2 + fifteen =

Most Popular

To Top