फिल्म ‘मणिकर्णिका’ की सक्सेस पार्टी के दौरान अदाकारा कंगना रनौत ने रणबीर कपूर, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट जैसे सितारों को ये कहते हुए झाड़ लगा दी थी कि ये सितारे भारतीय मुद्दों पर अपने विचार समाज के सामने नहीं रखते हैं। कंगना रनौत ने ऐसे स्टार्स को गैरजिम्मेदार करार दिया था और कहा था कि बॉलीवुड को ऐसे मुद्दों पर जुबान खोलनी चाहिए। कंगना के अनुसार, ‘हमें देशव्यापी मुद्दों पर अपने विचार शेयर करना चाहिए। यह बहुत बचकाना है कि स्टार्स ऐसे मुद्दों पर जुबान खोलने से डरते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि हमारे हाथ से ब्रांड्स के एड निकल जाएंगे।’हाल में आलिया भट्ट अपनी नई फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के प्रचार के लिए मीडिया के सामने आई थीं और उनसे कंगना रनौत के इस बयान पर बोलने के लिए कहा गया। आलिया ने जवाब देते हुए कहा, ‘देखिए मैं भी कंगना की तरह बोल सकती हूं और मैं उनका सम्मान भी करती हूं। कंगना सही कह रही हैं कि कभी-कभी हम लोग बोलने से बचते हैं क्योंकि हम नहीं चाहते कि खामखा क्यों बोलना…। मेरे पापा के अनुसार दुनिया में पहले से ही हर मुद्दे पर कई सारे ओपीनियन हैं और अगर हम अपना विचार साझा नहीं करेंगे तो इससे दुनिया पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। तो मैं हर मुद्दे पर अपने विचार रखती हूं, जिसे मैं अपने तक ही सीमित रखती हूं। हालांकि मैं कंगना रनौत की तारीफ करती हूं कि वो अपने विचारों को इस तरह से साझा कर पाती हैं।’अगर आलिया भट्ट की प्रोफेशनल लाइफ की बात की जाए तो वो इस साल दो बिग बजट फिल्मों के साथ तैयार हैं। इसमें से एक है अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र’, जिसमें रणबीर कपूर उनके साथ नजर आएंगे और दूसरी है डायरेक्टर अभिषेक वर्मन की ‘कलंक’, जिसमें वरुण धवन उनके साथ दिखाई देंगे।