भारत

संसद भवन में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र का अनावरण

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने मंगलवार को संसद भवन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदम कद चित्र का अनावरण किया. सेंट्रल हॉल में वाजपेयी जी के चित्र के अनावरण के अवसर पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न दलों के अन्य नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम में अटलजी के चित्र को बनाने वाले कलाकार श्री कन्हाई को भी सम्मानित किया गया.

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी देश की उन महान विभूतियों में शामिल हो गए हैं, जिनकी तस्वीर संसद के केंद्रीय कक्ष में लगी है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने संसद के केंद्रीय कक्ष में मंगलवार को एक समारोह के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्र का अनावरण किया.

इस मौके पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय राजनीति के महानायकों में अटल जी को हमेशा याद किया जाएगा. अटल जी को सार्वजनिक जीवन की पाठशाला बताते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने कहा कि वे एक संवेदनशील नेता थे. उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी ने कभी सत्ता में बने रहने या सत्ता को बचाने के लिए सिद्धांतों से समझौता नहीं किया.

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने वाजपेयी जी को याद करते हुए कहा कि वो सार्वजनिक जीवन जीने वालों के लिए एक रोल मॉडल थे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाजपेयी जी के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि व्यक्तिगत जीवन के हित के लिए कभी अपना रास्ता न बदलना अपने आप में सार्वजनिक जीवन में कार्यकर्ताओं के लिए अटल जी से बहुत कुछ सीखने जैसा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि वाजपेयी जी ने आने वाली पीढ़ियों को सिखाया कि किस तरह राजनीति में विपक्ष को भी साथ लेकर अहम मुद्दों पर आगे बढ़ा जाता है.

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने तस्वीर लगाने में सभी दलों के सहयोग की सराहना की और कहा कि संसद भवन में जब कोई बैठेगा, तो उनके चित्र को देखकर ये बात जेहन में आएगी कि राजनीति कैसी करनी है.

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की यह आदमकम तस्वीर वृंदावन के चित्रकार कृष्ण कन्हाई ने तैयार की है. इस मौके पर उनको सम्मानित भी किया गया.

दोनों सदनों के सांसदों की बहुदलीय ‘पोर्ट्रेट कमिटी’ ने वाजपेयी जी की तस्वीर केंद्रीय कक्ष में लगाने का निर्णय लिया था. भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी का 16 अगस्त, 2018 को निधन हो गया था. वाजपेयी जी अपने लंबे राजनीतिक जीवन में तीन बार प्रधानमंत्री बने और देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार किए जाते हैं.

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

19 − seventeen =

Most Popular

To Top