मध्यप्रदेश के सीधी में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीधी के रामपुर नैकिन थाना इलाके में 54 यात्रियों से भरी बस नहर में गिर गई। अबतक 40 से अधिक शवों को निकाला जा चुका है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।फिज़ा में गूंजती चीख पुकार….अपनों के जाने का दुख..ढांढस बंधाते राज्य के मंत्री..लेकिन दुख इतना बड़ा है कि आंसुओं का सैलाब रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इन असहाय आंखों से बहते आंसुओं का कारण है मध्य प्रदेश के सीधी की एक बस….यात्रियों से खचाखच भरी ये बस मंगलवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे दुर्घटनाग्रस्त हो कर गहरी नहर में समा गई। खबर मिलते है मदद के लिए ग्रामीण पहुंच गए लेकिन नहर इतनी गहरी थी वो बहुत कुछ नहीं कर सके। 7 लोग तैर कर बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि कुछ ही देर में प्रशासन के आला अधिकारी और राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। नहर इतनी गहरी है कि बस पूरी तरह उसमें डूब गई , गोताखोरों और पुलिस प्रशासन ने बड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी में खोज निकाला, क्रेन के जरिए बस को बाहर निकाला गया। अबतक 40 से अधिक शवों को निकाला जा चुका है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक बस के नहर में गिर जाने के दर्दनाक हादसे में अनेक यात्रियों के हताहत होने से गहरा दुःख हुआ है। इस हृदय विदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करने के साथ पीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख दिए और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कहा है कि “एमपी के सीधी में भीषण बस हादसे पर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। स्थानीय प्रशासन बचाव और राहत कार्य में सक्रिय रूप से शामिल है। मध्य प्रदेश के सीधी में बस दुर्घटना के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 दिए जाएंगे।”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर जानकारी हासिल की। उन्होंने ट्वीट संदेश में कहा…. मध्य प्रदेश के सीधी जिले में हुआ बस हादसा बहुत दुःखद है, मैंने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान से बात की है। स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव के लिए हर संभव मदद पहुंचा रहा है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।तैर कर निकलने वालों में बस ड्राइवर भी शामिल है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसा रीवा-सीधी बॉर्डर के पास छुहियाघाटी में हुआ। बस सीधी से सतना जा रही थी। बताया जा रहा कि ड्राइवर के बस से नियंत्रण खोने पर यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना स्थल का मुआयना करने और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ने उनके दुख दर्द में शामिल होने के लिए मंत्रियों को भेजा जिन्हों लोगों और अधिकारियों से मिल कर हादसे की जानकारी हासिल की।