दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. पूरे विश्व में इस वक्त संक्रमण के मामलों की संख्या 4 करोड़ 33 लाख 19 हज़ार से ज्यादा हो गई है. इसके अलावा अब तक कुल 11 लाख 58 हज़ार से ज्यादा लोगों की इस वायरस के कारण मौत हो चुकी है.कोरोना संक्रमितों की सूची में सबसे ऊपर अमेरिका है, जहां 88 लाख 88 हज़ार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 2 लाख 30 हज़ार से ज्यादा लोगों की इस महामारी से मौत हो गई है. अमेरिका में रविवार को करीब 60 हज़ार से अधिक रिकॉर्ड नए मामले दर्ज किए गए.ब्राज़ील में संक्रमण के मामलों की संख्या 53 लाख 94 हज़ार के आंकड़े को पार कर गई है. यहां 1 लाख 57 हज़ार से ज्यादा लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई है.फ्रांस में पिछले 24 घंटों में 52 हज़ार से ज्यादा संक्रमण के नए मामले आए हैं. ब्रिटेन में भी पिछले 24 घंटों में 19 हज़ार से ज्यादा संक्रमण के नए मामले आए हैं. वहीं ब्रिटेन में संक्रमितों की कुल संख्या 8 लाख 73 हज़ार से ज्यादा हो गई है.रूस में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के आने के बाद से हालात धीरे-धीरे खराब हो रहे हैं. पिछले 24 घंटे में कोरोना के 16 हजार से भी अधिक मामले सामने आए हैं. रूस में कोरोना के मामलों में सबसे बड़ी वृद्धि मॉस्को में देखी गई है. मॉस्को में कोरोना वायरस के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंध पर अर्थव्यवस्था के प्रति चिंता व्यक्त की है. रूस में कोरोना के अब तक 15 लाख 13 हज़ार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं.स्पेन में कोविड-19 संक्रमण की नई लहर को काबू करने के लिए रात के वक़्त में कर्फ़्यू लगा दिया है और राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है. स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने कहा कि रात 11 बजे से अगली सुबह छह बजे तक कर्फ़्यू लागू रहेगा यानि लोगों के घर से बाहर निकलने पर रोक रहेगी. ये प्रतिबंध रविवार से लागू हो गए हैं. सांचेज़ ने ये भी कहा कि आपातकाल के तहत स्थानीय प्रशासन विभिन्न क्षेत्रों में आने-जाने पर भी प्रतिबंध लगा सकते हैं. उन्होंने कहा कि वो संसद से नए नियमों की समयावधि बढ़ाकर छह महीने करने के लिए कहेंगे, जो फिलहाल 15 दिन है.इटली में सोमवार से सिनेमा, स्वीमिंग पूल और जिम बंद रहेंगे. इसके अलावा बार्स, रेस्तरां और आइस्क्रिम स्टैंड को शाम के 6 बजे तक बंद करना होगा. इटली के प्रधानमंत्री ने कहा कि इन प्रतिबंधों से थोड़ा कष्ट जरूर होगा लेकिन इन प्रतिबंधों के बाद राहत भी काफी मिलेगी. इटली में कोरोना के 5 लाख 25 हज़ार से अधिक मामले दर्ज है. वहीं इस महामारी से 37 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो गई है.