कोरोना वायरस यानि कोविड-19 का एक मामला दिल्ली में सामने आया है। वहीं दूसरा मामला तेलंगाना से सामने आया है। दोनों मरीजों पर फिलहाल नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने ईरान, इटली, कोरिया और सिंगापुर के संदर्भ में ट्रेवल एडवाईज़री जारी रखने का फैसला किया है। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि सरकार कोरोना वायरस से निपटने के लिए सभी ऐतिहाति उपाय कर रही है और देश में मास्क और दबाईयों की कोई कमी नहीं है। दुनिया भर में कोरोना वायरस के फैलाव के बीच भारत में 2 नए संक्रमण का मामला सामने आया है। इसका एक मामला दिल्ली में जबकि दूसरा तेलंगाना से सामने आया है। दोनों मरीजों पर फिलहाल नजर रखी जा रही है और दोनों मरीजों को अलग रखकर इलाज किया जा रहा है। दिल्ली में जिस शख्स में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है वो इटली की यात्रा कर आया है जबकि तेलंगाना में प्रभावित शख्स दुबई से भारत आया है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने ईरान, इटली, कोरिया और सिंगापुर के संदर्भ में यात्रा परामर्श जारी रखने का फैसला किया है। भारत में कुल 5 मरीजों में कोरोना वायरस के मामले पाए गए जिनमें से पहले के 3 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में अब 2 नए मामले सामने आए हैं। सरकार कोरोना वायरस से निपटने के लिए सभी ऐतिहाति उपाय कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी खुद स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मंत्रालय 12 देशों से आने वाले यात्रियों के लिए थर्मल स्क्रींनिग कर रहा है।इस बीच चीन समेत दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमण के 88 हजार मामले सामने आ चुके हैं और इससे अब तक लगभग 3 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। चीन में ही कुल 2 हजार 870 लोगों की मौत हो गई है जबकि 79 हजार 824 लोग इससे संक्रमित हैं। इस बीच कोरोना से प्रभावित चीन के लोग धीरे-धीरे अपने काम पर लौटने लगे हैं।चीन के बाद दूसरा सबसे अधिक पीड़ित देश दक्षिण कोरिया है जहां 18 लोगों की मौत के साथ 3 हजार 736 लोग इससे संक्रमित हो गए हैं। खतरे के मद्देनजर विश्वविद्यालयों के सेमेस्टर आगे बढ़ा दिए गए हैं। इटली में भी 34 लोगों की मौत हुई और 1 हजार 694 लोग इससे संक्रमित हैं। अफ्रीकी देश मिस्र में सोमवार को कोरोना वायरस के दूसरे मामले की पुष्टि हुई। वहीं ईरान में कोविड-19 से 54 मौत और 978 संक्रमण का मामला सामने आ चुका है। अमेरिका में कोविड-19 से दूसरी मौत का मामला सामने आया है। इसे देखते हुए इटली और दक्षिण कोरिया के यात्रियों की गहन जांच कराने को कहा गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने नागरिकों को इटली और दक्षिण कोरिया के कोरोना वायरस से संक्रमित इलाकों की यात्रा करने से बचने की चेतावनी दी है। उत्तर अमेरिकी देश डोमिनिकन गणराज्य और न्यूजीलैंड में कोरोना के पहले मामले सामने आए हैं। फ्रांस में अब तक 130 लोगों में संक्रमण की खबर है।ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि कोरोना से मुकाबला उनकी देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है।