विशाखापत्तनम में आज दूसरे वनडे मैच में भारत और वेस्टइंडीज़ होंगे आमने-सामने, वेस्टइंडीज़ की टीम सीरीज़ में 1-0 से है आगे.वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला टीम इंडिया बुधवार को विशाखापत्तनम में खेलेगी। पहला मैच चेन्नई में खेला गया था जिसमें कैरेबियाई टीम को आठ विकेट से जीत मिली थी। ऐसे में दूसरे मैच की अहमियत काफी बढ़ गई, खासतौर से विराट सेना के लिए ये मैच जीतना जरूरी है। इस मैच में कप्तान कोहली एक मजबूत टीम के साथ उतरना चाहेंगे, क्योंकि अगर कोहली यह मैच भी हार जाते हैं तो सीरीज उनके हाथ से निकल जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि विशाखापत्तनम की पिच पर भी रनों की बारिश हो सकती है।वेस्टइंडीज के बल्लेबाज खासकर हेटमायर और शे होप जबर्दस्त फॉर्म में हैं। वही भारत के तूफानी बल्लेबाज रोहित शर्मा, के एल राहुल और कप्तान कोहली को अपने बल्ले से कमाल करना होगा। भारतीय गेंदबाजों को भी अपनी गेंदबाज़ में पैनापन लाना होगा ताकि वो वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाजों पर लगाम लगा सके। पिछले साल टीम इंडिया विशाखापत्तनम के इस मैदान पर 321 रन बनाने के बावजूद जीत हासिल नहीं कर सकी थी, वेस्टइंडीज ने ये मैच टाई करा लिया था। भारत के लिए चुनौती है इस मैच को जीत सीरीज में बने रहना है। वही बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर विंडीज ने 1-0 की बढ़त ले ली है और अब उसकी नजरें सीरीज जीतने पर हैं। इस मैदान पर होने वाला टीम इंडिया का यह 9वां मुकाबला है। इससे पहले भारत ने यहां आठ मैच खेले और उसमें एक बात समान रही जिसके अनुसार वाइजैग का पुराना इतिहास देखें तो यहां भारत अगर टॉस हार जाता है तो मैच भी हाथ से निकल जाता है। यहां टीम इंडिया जब-जब टॉस जीती तो मैच कभी नहीं हारी, वहीं एक बार टॉस गंवाया था तो मैच भी हाथ से निकल गया था। टीम इंडिया इस मैदान पर 8 इंटरनेशनल वनडे खेल चुकी हैं। उसने इसमें से 6 मैचों में जीत दर्ज की जबकि एक मैच में हार का सामना करना पड़ा। उसका एक मैच टाई रहा था जो पिछले साल वेस्टइंडीज के साथ हुआ था।