पांचवें रोज़गार मेले में दो लाख से अधिक नौकरियां एवं एक लाख युवाओं को स्वै-रोज़गार के तहत ऋण दिए जाएंगे
चंडीगढ – पंजाब सरकार एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियां करने की ओर अग्रसर है। इसकी प्रारम्भिक प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है तथा कुछ विभागों के लिए विज्ञापन भी जारी हो चुके है। यह भर्तियां राज्य के विभिन्न विभागों में की जायेंगी। यह कहना है राज्य के तकनीकी शिक्षा एवं ओद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का। कैबिनेट मंत्री चन्नी सोमवार को आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी में आयोजित राज्य के पांचवें मैगा रोज़गार मेले का बतौर मुख्याथिति शुभारम्भ कर रहे थे। उनके साथ सुल्तानपुर लोधी के विधायक नवतेज सिंह चीमा विशेष मेहमान के तौर पर उपस्थित रहे। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय कुमार शर्मा ने इस समारोह की अध्यक्षता की।उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब के युवाओं को निजी क्षेत्र के साथ- साथ सरकारी क्षेत्र में भी नौकरियों के अवसर देने को लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि 5वें मैगा रोज़गार मेला 30 सितंबर, 2019 तक जारी रहेगा तथा इसमें एक लाख युवाओं को स्वै-रोजग़ार ऋण की सुविधा पर विशेष जोर देने के साथ-साथ निजी क्षेत्र में 2.10 लाख रिक्तियों की पेशकश की जाएगी।मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि सरकार राज्य में 70 से अधिक स्थानों पर 5वें रोज़गार मेले का आयोजन कर रही है जिसमें 2000 कंपनियां पंजाबी युवाओं को नौकरी देने आ रही हैं।मंत्री ने जानकारी दी कि 18 सितंबर को आईएसबी मोहाली में एक हाई-ऐंड रोज़गार मेले का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें 25 मल्टीनेशनल कंपनियां 800 रिक्तियों के लिए 03 से 09 लाख रुपए तक के पैकेज की पेशकश करेंगी। चन्नी ने बताया कि वर्तमान में पंजाब सरकार ने 4 राज्य स्तरीय मेगा रोज़गार मेले और एक अंतरराष्ट्रीय रोज़गार मेले का आयोजन किया है तथा 2017 से अब तक 8 लाख से अधिक लाभार्थियों को निजी व सरकारी क्षेत्र में रोजगार / स्वै-रोजग़ार के अवसरों के साथ सुविधा प्रदान की जा चुकी है। आईकेजी पीटीयू के कुलपति प्रो. (डॉ) अजय कुमार शर्मा ने इस मौके पर कहा कि पंजाबी युवाओं के नौकरी के सपने या सपनों की नौकरियां दिलवाने में यह रोज़गार मेले बहुत मददगार साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी हमेशा से राज्य सरकार की बेहतर पहल के समर्थन में है। प्रो. (डॉ) शर्मा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि सरकार अब रोजगार मुहैया करवाने में इतनी गंभीरता दिखा रही है एवं मुख्यमंत्री इस काम को निजी तौर पर रिव्यु कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित इस रोजग़ार मेले में 30 से अधिक कंपनियां 2300 नौकरियां देने के लिए उपलब्ध हैं और 1500 स्टूडेंट्स आवेदक के तौर पर पंजीकृत हुए हैं।विधायक नवतेज चीमा ने सरकार के रोजग़ार अवसरों की पहल पर कहा कि यह नौजवानों के लिए गर्व कि बात है कि सरकार एवं पूरा तंत्र योग्यता के मुताबिक रोजग़ार मुहैया करवाने को बड़े-बड़े प्रयास लगातार कर रहा है।अंत में धन्यवाद प्रस्ताव यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. सुखबीर सिंह वालिया ने पढ़ा। समारोह में जि़ला कपूरथला के एडीसी अवतार सिंह भुल्लर, एसडीएम वरिंदरपाल सिंह बाजवा, जि़ला रोजग़ार अधिकारी नीलम महे रोजग़ार विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जतिंदर कुमार सरीन भी उपस्थित रहे।