अपने तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई की राजधानी अबूधाबी में, महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर पीएम आज क्राउन प्रिंस के साथ मिलकर जारी करेंगे डाक टिकट, अबू धाबी में लॉन्च करेंगे रुपे कार्ड। पीएम को आज दिया जाएगा यूएई का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ज़ायद।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में यूएई की राजधानी अबू धाबी पहुंच गए हैं। अबू धाबी में पीएम आज रुपे कार्ड लॉन्च करेंगे। इसके साथ ही पीएम को यूएई का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ज़ायद प्रदान किया जाएगा। यह पहला मौक़ा होगा जब किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री को यूएई अपना सर्वोच्य नागरिक सम्मान प्रदान करने जा रहा है। सऊदी अरब, रूस, मालदीव और संयुक्त अरब अमीरात ऐसे देशों में शुमार हैं जिन्होने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्य नागरिक सम्मान से नवाज़ा है। संयुक्त अरब अमीरात में अपनी अधिकारिक यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्य नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ज़ायद’ प्रदान किया जाएगा। भारत और यूएई के बीच रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा किए गए प्रयासों के लिए अप्रैल महीने में इस सम्मान को देने की घोषणा की गई थी। ज़ायेद मेडल यूएई का सर्वोच्च सम्मान है जो बादशाहों, राष्ट्रपति और राष्ट्र प्रमुखों को दिया जाता है. इससे पहले साल 2007 में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, 2010 में ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ, और साल 2018 में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को ये पुरस्कार दिया गया था। प्रधानमंत्री मोदी को ये सम्मान यूएई के संस्थापक शेख ज़ायद बिन सुल्तान अल नाहयान के शताब्दी वर्ष समारोह के दौरान दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी वहां रुपे कार्ड लॉन्च करेंगे इससे पहले सिंगापुर और भूटान में रुपे कार्ड लॉन्च किया जा चुका है। यूएई खाड़ी क्षेत्र का पहला देश होगा जहां रूपे कार्ड लॉन्च किया जा रहा है। अपनी संक्षिप्त यात्रा में अबूधाबी के प्रिंस से भी मुलाक़ात करेंगे। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच करीब 60 अरब डॉलर का वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार हुआ है। यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार साझेदार है।